पति की मौत के 6 साल बाद बदला धर्म, बोली अब शबनम होगी पहचान



बरेली। शहर में मतांतरण का एक मामला प्रकाश में आया है। पति की मौत के बाद अकेली रह रही एक महिला ने अपना धर्म बदल लिया है। महिला ने डीएम कार्यालय में इस बाबत शपथ पत्र दिया. कहा पहले उसे माया देवी (काल्पनिक नाम) कहते थे, भविष्य में शबनम के नाम से जाना जाए. इज्जतनगर क्षेत्र में एक महिला अपनी आठ वर्षीय बेटी के साथ रहती है. उनके पति की मौत करीब छह साल पहले एक सड़क हादसे में हो चुकी है. परिवार चलाने के लिए महिला प्राइवेट जाब करती है. 

दो गवाहों संग डीएम कार्यालय में दिया शपथ पत्र

गुरुवार को वह दो गवाहों के साथ डीएम कार्यालय पहुंची. उन्होंने डीएम कार्यालय में अपना शपथ पत्र दे दिया. महिला ने शपथ पत्र में अपने मतांतरण की घोषणा की थी. लिखा था कि उसने 27 अक्टूबर को शहर की एक प्रसिद्ध दरगाह में इस्लाम धर्म अपना लिया है. इसके साथ ही उन्होंने अपना नाम भी बदल लिया है. लिखा है कि इस्लाम धर्म में लगन व निष्ठा अधिक होने के कारण बिना किसी डर व दबाव के मतांतरण कर लिया है. अपने शपथ पत्र में दो महिला गवाहों को भी शामिल किया है. महिला ने बताया कि ससुराल व मायका दूसरे जिलों में है. पति प्राइवेट काम करते थे. उनकी मौत के बाद किसी सगे-संबंधी से नाता नहीं रहा है. मतांतरण की इस घटना पर हिंदूवादी संगठनों ने विरोध जताया है.

Post a Comment

0 Comments