निकाह के नौ माह बाद पत्नी लगने लगी काली, तीन तलाक देकर घर से निकाला



बरेली। निकाह के बाद सबकुछ अच्छा चल रहा था कि अचानक से एक पति को अपनी पत्नी का रंग काला लगने लगा. उसे काले रंग पर ताना दिया जाने लगा. विवाहिता ने इसका विरोध किया तो दुस्साहस बढ़ गया और साथ रखने के लिए दस लाख रुपये दहेज में मांगे. मांग न पूरी होने पर कहा कि तू है काली, मेरे किसी काम की नहीं और पत्नी को तीन तलाक दे दिया. सीओ ने कैंट पुलिस को मामले के जांच के आदेश दिये हैं.

कैंट क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बताया कि नौ माह पहले मोहल्ले के ही रहने वाले युवक के साथ उसका निकाह हुआ था. निकाह के कुछ समय तक सबकुछ अच्छा चला. इसके बाद पति दहेज की मांग करने लगा. रंग को लेकर ताना देने लगा. पति के साथ ससुरालियों ने भी उत्पीड़न शुरू कर दिया. भूखा-प्यासा रखा जाने लगा. घर न टूटे, इसके लिये महिला पति व ससुरालियों के जुल्म सहती रही. लेकिन विवाद बढ़ता रहा. दोनों परिवारों में पंचायत हुई, समझौता हो गया लेकिन फिर से उत्पीड़न की कहानी शुरू हो गई. मायके वाले घर की जमीन बेचकर दस लाख रुपये प्रबंध करने की बात कहने लगे. आरोप है कि मांग पूरी न होने पर दस अक्टूबर को पति ने जमकर पिटाई की. सीने पर पैर रख पेशाब की. इसके बाद काले रंग पर अभद्र टिप्पणी करते हुए तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया. शिकायत लेकर महिला कैंट थाने पहुंची. आरोप है कि वहां सुनवाई नहीं हुई. इसी के बाद गुरुवार को महिला एसएसपी कार्यालय पहुंची. ट्रेनी सीओ ने कैंट पुलिस को जांच के आदेश दिये हैं.

Post a Comment

0 Comments