भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा 16 नवंबर को मऊ जिले से होगी इसकी शुरूआत
रैली मेें स्थानीय सांसद, राज्यसभा सदस्य, विधायक, विधान परिषद सदस्य और भाजपा के पदाधिकारी होंगे शामिल
गोरखपुर।विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीते दिनों हुए किसान आंदोलन आंदोलन का जवाब देने के लिए भाजपा के किसान मोर्चा ने प्रदेश भर में किसान ट्रैक्टर रैली के आयोजन की तैयारी की है. रैली की शुरुआत 16 नवंबर से होगी. सिलसिला 30 जनवरी तक चलेगा. पखवारे भर चलने वाले इस कार्यक्रम के तहत हर जिले में रैली का आयोजन किया जाएगा. यह जानकारी भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी.
प्रदेश अध्यक्ष ने कि कहा इसकी शुरुआत मऊ जिले से हो रही है. 16 नवंबर को आयोजित मऊ की रैली में वह खुद भी मौजूद रहेंगे. 25 नवंबर को देवरिया, 27 को गौतमबुद्ध् नगर और 28 नवंबर को वाराणसी की रैली भी निर्धारित हो गई है. जल्द ही अन्य जिलों के आयोजन तिथि भी जारी कर दी जाएगी. इन रैलियों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह का समय लिया जा रहा है. सभी रैलियों में स्थानीय सांसद, राज्यसभा सदस्य, विधायक, विधान परिषद सदस्य और भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे. हर रैली में न्यूनतम 250 और अधिकतम 400 ट्रैक्टर की मौजदूगी सुनिश्चित की जाएगी. जिले के आसपास के 20 किलोमीटर क्षेत्र से किसानों को आमंत्रित किया जा रहा है. कामेश्वर सिंह ने कहा कि ट्रैक्टर किसानों के उन्नति, प्रगति एवं उत्थान का प्रतीक है. इसलिए किसान ट्रैक्टर रैली निकालने का निर्णय लिया गया. रैली में किसानों को बताया जाएगा कि मोदी और योगी आदित्यनाथ सरकार ने किसानों के हित में जितने निर्णय लिए गए उतने किसी सरकार ने नहीं लिए. इस दौरान किसानों को नए कृषि कानून की विस्तार से जानकारी दी जाएगी. साथ ही कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे संगठनों की सच्चाई बताएगी ताकि किसानों के बीच नए कृषि कानूनों का भ्रम दूर किया जा सके. उन्होंने बताया कि किसान मोर्चा दिसंबर तक प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में किसान सम्मेलन भी आयोजित कर रही है.

0 Comments