पिता कैफी आजमी के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर हुई भावुक
मिथिलेश कुमार यादव
फूलपुर/आजमगढ़। मशहूर शायर व फिल्म गीतकार कैफी आजमी की बेटी सिने तारिका शबाना आजमी दो साल बाद शुक्रवार की दोपहर करीब 3.30 बजे पैतृक गांव मेजवां पहुंचीं। गांव की बिटिया का ग्रामीणों ने फतेह मंजिल पर माला पहनाकर व आरती उतार कर भव्य स्वागत किया। शबाना आजमी ने दादा फतेह हुसैन और पिता कैफी आजमी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान वह भावुक हो गईं। चेहरे पर हाथ रख कहा, अब्बू अब तो खुश हैं न, अब तो पूरा परिवार घर आ गया है। सात दिवसीय गृह प्रवास पर पहुंची सिने तारिका ने महिलाओं के अलावा गांव के अन्य लोगों से उनका हालचाल पूछा। इस दौरान उन्होंने कहा कि कहाकि दो साल बाद अपनों से मिलकर बेहद खुश हूं। दो दिन पूर्व ही उनके भाई सिने फोटोग्राफर बाबा आजमी, अभिनेत्री तन्वी आजमी व समाजसेविका नम्रता गोयल मेजवां आ चुकी हैं। मेजवां वेलफेयर सोसायटी के प्रबंधक आशुतोष त्रिपाठी, कैफी आजमी चिकनाकारी सेंटर की सचिव संयोगिता प्रजापति, रोशन, अंशुमान, गोपाल सुवेदी, निर्मला सुवेदी, अदिति शर्मा, जयराम प्रजापति, सीताराम आदि लोग मौजूद रहे।

0 Comments