भाजपा किसान मोर्चा के गंगापार उपाध्यक्ष को मारी गोली

बदमाशों ने देर रात घर के सामने वारदात को दिया अंजाम




प्रयागराज। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के गंगापार उपाध्यक्ष अजय शर्मा को देर रात नकाबपोश बदमाशों ने घर के बाहर गोली मार दी. चारों तरफ से घेरकर गोलियों की बौछार कर दी. सात गोली लगने से जख्मी अजय शर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है. शहर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. अभी तक उनके परिजनों ने किसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं कराया है. मिली जानकारी के अनुसार, फाफामऊ के लेहरा गांव के रहने वाले अजय शर्मा प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते हैं. इन दिनों वह श्रृंगवेरपुर में प्लाटिंग का काम कर रहे हैं, जहां पर उनका कुछ अल्पसंख्यक समाज के लोगों से विवाद हुई थी. सोमवार की रात करीब 11.30 बजे वह अपने घर के बाहर बाथरूम जाने के लिए निकले थे. इस दौरान नाले के पास झाड़ियों में छिपे नकाबपोश तीन-चार बदमाशों ने हमला कर दिया. पिस्टल से कई राउंड गोली मारी. फायरिंग की आवाज सुनकर परिजनों ने शोर मचाया तो हमलावर भाग निकले. अजय शर्मा गोली लगने से खून से लथपथ होकर गिर पड़े. सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। अजय शर्मा के हाथ, पैर, चेहरा और पेट में कुल 7 गोली लगने की बात सामने आई है. मौके पर पहुंचे सीओ सोरांव ने बताया कि छानबीन की जा रही है. अभी परिजनों ने किसी हमलावर के खिलाफ मुकदमा नहीं कराया है.


Post a Comment

0 Comments