बसपा सुप्रीमो मायावती का ऐलान: नहीं होगा किसी से गठबधंन, अकेले दम पर लड़ेगी चुनाव

कहा सपा-भाजपा हिंदू मुस्लिम आधारित कराना चाहती चुनाव



लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती ने ऐलान करते हुए कहा कि बसपा किसी से गठबंधन नहीं करेगी और अकेले अपने दम पर ही चुनाव लड़ेगी. उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक मुद्दे उठाकर सपा और भाजपा हिंदू मुस्लिम आधारित चुनाव कराना चाहती है. यह दोनों की मिलीभगत है और जनता इनके षड्यंत्र में फंसने वाली नहीं है. उन्होंने उक्त विचार प्रदेश कार्यालय पर मंगलवार को पत्रकारवार्ता में व्यक्त की. उन्होंने कहा भाजपा और सपा एक दूसरे के पोषक और पूरक हैं. दोनों ही हिंदू- मुस्लिम आधारित चुनाव कराने पर आमादा हैं और इसके जरिए एक दूसरे को लाभ पहुंचाना चाहते हैं. दोनों के इरादे साफ हैं. कभी जिन्ना, कभी अयोध्या में पुलिस फायरिंग जैसे सांप्रदायिक और धार्मिक मुद्दों को उठाने का प्रयास इसी का परिणाम है. जनता भी यह समझ रही है. खास तौर भाजपा अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने के लिए ऐसा कर रही है.

उन्होंने कहा कि अब अधकचरे कामों का शिलान्यास किया जा रहा है और चुनाव तक ही यह सिलसिला जारी रहेगा. चाहे मुफ्त का राशन हो या पेट्रोल के दाम कम करना, चुनाव के बाद केंद्र सरकार दोनों से हाथ खींच लेगी. किसान भी केंद्र सरकार की वादाखिलाफी तथा अहंकार से त्रस्त हैं. 50 प्रतिशत युवाओं को टिकट देने की बात से भी उन्होंने इंकार नहीं किया. कहा कि यह तो अच्छा होगा कि किसी पार्टी में इतने युवा आगे आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस तमाम घोषणाएं कर रही है पर यदि उसने अपने पचास प्रतिशत वायदे भी पूरे किए होते तो उसका केंद्र और राज्य से इस तरह सफाया न होता. उन्होंने कहा कि सीएम योगी और मेरा कोई परिवार नहीं है. हालांकि उनका मूल परिवार आरएसएस है लेकिन मेरा मूल परिवार सर्वसमाज है. योगी ने खुद को सन्यासी दिखाने के लिए भगवा वस्त्र पहन लिया है पर मैने ऐसा नहीं किया क्योंकि बसपा सभी धर्मों जातियों के लोगों का ध्यान रखती है. वह केवल एक धर्म में भी एक जाति विशेष के लोगों का ही ध्यान रख रहे हैं. उन्होंने कहा कि सपा के 400 और भाजपा के 300 से ज्यादा सीटों पर विजय के दावे पर मायावती ने व्यंग किया और कहा कि इस बचकाने दावे पर तो चुनाव आयोग को यूपी में सीटों की संख्या 1000 करनी होगी. इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा भी मौजूद रहे.

Post a Comment

0 Comments