दिव्यांग को पीछे से मारी लात, बाइक रोकते ही जमकर पीटा
बरेली। जनपद के बथरी में तैनात दो पुलिसकर्मियों की दबंगई का वीडियो वायरल हुई है. दोनों पुलिसकर्मी वर्दी के रौब में इस कदर डूबे थे कि राह चलते पहले न सिर्फ दिव्यांग को पीछे से लात मारी. बल्कि विरोध करने पर बाइक रोकते ही थप्पड़ जड़ दिया. फिर लाठी निकालकर दिव्यांग की जमकर पिटाई कर दी. गंभीर हालत देखकर घायल को सीएचसी से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. इधर, पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने दोनों आरोपित पुलिसकर्मी हेड कांस्टेबल सत्येंद्र सिंह व कांस्टेबल नवीन मलिक को तत्काल निलंबित कर दिया.
मिली जानकारी के अनुसार, कौसर निवासी उड्ला जागीर की मछली बेचने की दुकान है. बुधवार शाम उनका नाबालिग दिव्यांग बेटा कासिम दुकान पर बैठा था. उधर से चीता पर तैनात सिपाही गुजर रहे थे. सिपाहियों का आरोप है कि देखते ही कासिम भागने लगा. रुकने को कहा तब वह गाली देने लगा. इस पर उसे पकड़ लिया, फिर भी वह गाली-गलौच करता रहा. इसी के बाद उसकी पिटाई की गई. इधर, दुकान के पास लगे सीसीटीवी में दोनों पुलिसकर्मियों की करतूत कैद हो गई. उनका झूठ पकड़ गया. 22 सेकेंड के वायरल वीडियो में साफ दिख रहा कि नाबालिग आगे-आगे जा रहा था. पीछे से चीता पर तैनात दोनों आरोपित पुलिसकर्मी आए और उसे लात मार दी. इसी पर नाबालिग कुछ बोला तो बाइक रोकते ही तमाचा जड़ा. इसके बाद डंडा निकालकर पिटाई कर दी. पिटाई से नाबालिग बुरी तरह घायल हो गया. स्वजन कासिम को सीएचसी लेकर गए. डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया. घायल कासिम के मुताबिक, वह घर जा रहा था तभी सिपाहियों ने रोक लिया और कहा बिना लाइसेंस मछली बेचने की बात कही. मछली बेचने के एवज में मुनाफे की आधी रकम देने का प्रस्ताव रखा. इन्कार करने पर पिटाई शुरू कर दी और अधमरा छोड़कर चले गए.

0 Comments