ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन से यूपी की 46 सीटों पर सियासी हलचल... सपा-कांग्रेस-बसपा की बढ़ सकती है मुश्किल!

आजमगढ़-फूलपुर और लालगंज समेत पूर्वांचल की सीटों पर भी पड़ सकता है असर




लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के गठबंधन ने प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, यह गठबंधन प्रदेश की करीब 46 विधानसभा सीटों पर चुनावी समीकरण प्रभावित कर सकता है। खासकर उन सीटों पर इसका असर पड़ने की संभावना है, जहां पिछले चुनाव में जीत-हार का अंतर पांच हजार या इससे कम वोटों का रहा था।
गठबंधन की रणनीति दलित-मुस्लिम यानी डीएम समीकरण को साधने की हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ रुहेलखंड और पूर्वांचल की कई सीटों पर दोनों वर्गों की अच्छी आबादी है। ऐसे में गठबंधन की सक्रियता समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी की चिंता बढ़ा सकती है।
आजमगढ़ की सीटों पर भी नजर
पूर्वांचल में आजमगढ़-फूलपुर और लालगंज के अलावा जौनपुर की शाहगंज, मछलीशहर, सोनभद्र की दुद्धी और राबर्ट्सगंज, मिर्जापुर की लालगंज और मझवां तथा मिल्कीपुर जैसी सीटों पर गठबंधन का असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। पश्चिमी यूपी में सहारनपुर, देवबंद, मेरठ कैंट, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, रामपुर, मुरादाबाद नगर, संभल, नगीना और बिजनौर समेत कई सीटें संभावित प्रभाव वाले क्षेत्रों में शामिल हैं।
कम अंतर वाली सीटों पर बढ़ेगी चुनौती
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की 51 सीटों पर हार-जीत का अंतर पांच हजार से कम था। इनमें 10 सीटें ऐसी थीं, जहां एक हजार से भी कम वोटों से फैसला हुआ। धामपुर में सपा प्रत्याशी 307 वोटों से हारे, जबकि आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार को 574 वोट मिले। मुरादाबाद नगर में सपा प्रत्याशी को 782 वोटों से हार मिली और एआईएमआईएम उम्मीदवार ने 2661 वोट हासिल किए। नकुड़ सीट पर भी एआईएमआईएम उम्मीदवार को 3593 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी से हार का अंतर 315 वोट था।
समीकरण की सफलता पर संशय
हालांकि, दलित और मुस्लिम मतदाताओं की राजनीतिक प्राथमिकताएं अलग-अलग होने के कारण गठबंधन के सामने चुनौती भी है। दोनों वर्गों को एक मंच पर लाना आसान नहीं होगा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि गठबंधन भले ही बड़ी संख्या में सीटें जीतने की स्थिति में न पहुंचे, लेकिन कम अंतर वाली सीटों पर विपक्षी दलों के वोटों में बंटवारा कर चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकता है।

Post a Comment

0 Comments