आजमगढ़: भाजपा में नियुक्तियों पर बगावत... नगर अध्यक्ष ने अपनी ही पार्टी की सूची को किया खारिज

महिला मोर्चा की नियुक्तियों पर टकराव, जिलाध्यक्ष की सहमति से जारी सूची पर सवाल!



आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के आजमगढ़ संगठन में महिला मोर्चा की नियुक्तियों को लेकर अंदरूनी विवाद सार्वजनिक हो गया है। नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा ने अपनी ही पार्टी की ओर से जारी महिला मोर्चा मंडल अध्यक्षों की सूची का खुलकर विरोध करते हुए जिलाध्यक्ष से उसमें सुधार की मांग की है।
दरअसल, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डॉ. अलका सिंह ने जिले के 22 मंडलों के अध्यक्षों की नियुक्ति सूची जारी की है। नियुक्ति पत्र में क्षेत्रीय अध्यक्ष संध्या त्रिपाठी की संस्तुति और भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह की सहमति का उल्लेख है। विवाद आजमगढ़ नगर मंडल के अध्यक्ष पद पर कुं. मनीषा मिश्रा की नियुक्ति को लेकर सामने आया।
नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा ने फेसबुक पर पोस्ट कर सूची का खंडन किया। उन्होंने लिखा, ‘मैं नगर अध्यक्ष भाजपा आजमगढ़ इस सूची का खंडन करता हूं, क्योंकि नगर अध्यक्ष बिना मेरी अनुमति के बनाया गया है। इसे जिलाध्यक्ष जी जल्द से जल्द सुधार करें।’
नगर अध्यक्ष के इस बयान से संगठन में हलचल मच गई है। जिलाध्यक्ष की सहमति से जारी सूची पर नगर अध्यक्ष की सार्वजनिक आपत्ति ने नियुक्तियों की प्रक्रिया और पदाधिकारियों के अधिकारों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सवाल यह भी है कि क्या मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति में नगर अध्यक्ष की सहमति अनिवार्य है? यदि हां, तो उन्हें विश्वास में क्यों नहीं लिया गया? वहीं, यदि उनकी अनुमति जरूरी नहीं है तो सूची के विरोध का आधार क्या है?
फिलहाल संबंधित पदाधिकारियों की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में इसे गुटबाजी कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन सार्वजनिक असहमति संगठनात्मक तालमेल की कमी जरूर उजागर करती है। अब देखना होगा कि जिलाध्यक्ष सूची में संशोधन करते हैं या नियुक्तियां बरकरार रहती हैं।

Post a Comment

0 Comments