आजमगढ़ : युवक की गला रेतकर हत्या...पाव रोटी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था शाहरुख !

मंगलवार शाम घर से निकला था; रातभर तलाशते रहे परिजन, सुबह मिली मौत की खबर



आजमगढ़। परिवार की रोजी-रोटी के लिए दिनभर मेहनत करने वाला शाहरुख मंगलवार शाम घर से निकला तो किसी ने नहीं सोचा था कि वह फिर कभी लौटकर नहीं आएगा। घर में परिजन उसकी राह देखते रहे। रात गहराती गई तो उनकी चिंता भी बढ़ती गई। गांव और आसपास के इलाकों में तलाश की गई, पुलिस को भी सूचना दी गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह गौरी गांव में नट बस्ती के बगल बहा में उसका शव मिलने की खबर आई तो परिवार की उम्मीदें मातम में बदल गईं। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में युवक की गला रेतकर हत्या की इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय शाहरुख खान पुत्र मुस्तफा, निवासी ग्राम पंचायत गौरी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शाहरुख बोलने में असमर्थ था और पाव रोटी बेचकर अपना तथा परिवार का भरण-पोषण करता था। मेहनत करके जीवन की गाड़ी खींच रहे शाहरुख की इस तरह हत्या किए जाने की खबर से गांव के लोग भी स्तब्ध रह गए। परिवार के लिए वह केवल कमाने वाला सदस्य ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी का अहम सहारा भी था।
रातभर अपनों को तलाशते रहे परिजन
परिजनों के अनुसार, मंगलवार शाम शाहरुख घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। उन्होंने पहले गांव में उसकी तलाश की और फिर आसपास के इलाकों में भी पता लगाया। देर रात तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर डायल 112 और गंभीरपुर पुलिस को सूचना दी गई। परिवार को उम्मीद थी कि शाहरुख कहीं चला गया होगा और जल्द घर लौट आएगा, लेकिन रातभर इंतजार के बाद भी उसका पता नहीं चला।
सुबह शव मिलने से मचा कोहराम
बुधवार सुबह तलाश के दौरान ग्रामीणों ने गौरी गांव में नट बस्ती के बगल बहा में शाहरुख का शव पड़ा देखा। उसके गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की जानकारी सामने आई। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार को जब इस घटना की जानकारी हुई तो घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलने पर गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था शाहरुख
बताया गया कि शाहरुख तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस बेटे के घर लौटने की आस में परिजन रातभर बेचैन रहे, सुबह उसकी मौत की खबर ने उन्हें तोड़कर रख दिया। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों के बारे में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Post a Comment

0 Comments