चचेरे भाई ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी पीटा !

‎आजमगढ़। शनिवार की रात बलरामपुर में एक मामूली कहासुनी देखते ही देखते ऐसी मारपीट में बदल गई, जिसने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शराब ठेके पर हुए विवाद के बाद 35 वर्षीय राजन चौबे गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बचाने के लिए चचेरा भाई शुभम चौबे भी बीच में आया, लेकिन वह भी चोटिल हो गया। परिजन राजन को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
‎मृतक की पहचान राजन चौबे निवासी बिजारवा, पोस्ट बनकट, थाना मुबारकपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार रात राजन बलरामपुर स्थित शराब ठेके पर गया था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। शुरुआती विवाद कब इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई, इसे लेकर पुलिस पड़ताल कर रही है।
‎बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर राजन के साथ मारपीट की गई। इसी बीच चचेरा भाई शुभम चौबे उसे बचाने पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट हुई और उसे चोटें आईं। कुछ देर बाद घटना की जानकारी परिवार तक पहुंची तो परिजन मौके पर पहुंचे। राजन की हालत देखकर उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
‎राजन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कुछ देर पहले तक जो युवक सामान्य रूप से घर से निकला था, उसकी मौत की खबर ने परिजनों को झकझोर दिया। घटना के बाद बलरामपुर क्षेत्र में भी तनाव और चर्चा का माहौल बन गया।
‎सूचना मिलते ही बलरामपुर चौकी पुलिस के साथ शहर कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची। सीओ सिटी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
‎पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में शरीर पर स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान, विवाद की वजह और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।