पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, 15 से अधिक मौत की आशंका !

मनौरी बाजार में धमाकों से दहशत, दर्जनभर मकान धराशायी; मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी



प्रयागराज/कौशांबी। पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार स्थित पटाखा फैक्टरी में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई। इसके बाद फैक्टरी में रखे पटाखों में लगातार धमाके होने लगे। विस्फोट इतने तेज थे कि करीब तीन किलोमीटर दूर तक धमक महसूस की गई। हादसे में फैक्टरी के आसपास बने 15 से अधिक मकान धराशायी हो गए। प्रारंभिक जानकारी में कई लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि मृतकों की संख्या 15 से अधिक होने की आशंका जताई जा रही है। 25 से अधिक घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मकानों के शीशे टूट गए और ईंट-मलबा करीब 250 मीटर दूर रेलवे पुल तक जा पहुंचा। आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। लगातार हो रहे धमाकों के कारण शुरुआती दौर में राहत दल को घटनास्थल तक पहुंचने में भी मुश्किल हुई।
सूचना मिलते ही प्रयागराज और कौशांबी के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एडीजी, आईजी, डीआईजी, अपर पुलिस आयुक्त समेत कौशांबी के डीएम और एसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाकर उसमें दबे लोगों की तलाश शुरू की गई। एयरफोर्स के जवानों को भी रेस्क्यू अभियान में लगाया गया।
घायलों को कौशांबी जिला अस्पताल के अलावा प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भेजा गया। एसआरएन में पहुंचे घायलों में पांच वर्षीय प्रांजली और 13 वर्षीय प्रवीण को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उर्वशी (16), राजेश (45) और सविता को गंभीर हालत में वेंटिलेटर पर रखा गया है। समता (33), अनीता (35) और माला देवी (36) का उपचार चल रहा है। अनीता और माला की हालत खतरे से बाहर बताई गई।
एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत
हादसे में फैक्टरी के पास मकान बनाकर रह रहे गया प्रसाद साहू, उनकी पत्नी उर्मिला और तीन बेटों आदित्य, रवि व छोटू की मलबे में दबकर मौत हो गई। विस्फोट से उनका मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया था। करीब दो घंटे बाद जेसीबी से मलबा हटाने का काम शुरू हुआ, जिसके बाद पांचों के शव बाहर निकाले गए। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा है।
हादसे के दौरान एंबुलेंस पहुंचने में देरी की भी शिकायत सामने आई। परिजनों के अनुसार, कुछ घायलों को चारपाई पर लिटाकर छोटे वाहन से एसआरएन अस्पताल ले जाना पड़ा। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। मलबे में अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। पटाखा फैक्टरी में आग और विस्फोट की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments