नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद सीमावर्ती जिलों में अलर्ट...CM योगी ने दिए सतर्कता के निर्देश !



लखनऊ। नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती महाराजगंज और कुशीनगर जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में बाढ़ से हुई जनहानि और क्षति पर चिंता जताते हुए दोनों जिलों के प्रशासन को सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बाढ़ के कारण महाराजगंज और कुशीनगर में गंडक और नारायणी नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में पूरी सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने नेपाल में हुई जनहानि पर दुख जताते हुए भगवान पशुपतिनाथ से सभी के सकुशल रहने की प्रार्थना की।
नेपाल में फंसे यूपी के नागरिकों की मदद के लिए हेल्पलाइन
राहत आयुक्त कार्यालय ने नेपाल में फंसे उत्तर प्रदेश के नागरिकों की सहायता के लिए उनके परिजनों से हेल्पलाइन नंबर 1070 पर संपर्क करने की अपील की है। प्रशासन को जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव की तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं।
24 घंटे में मुआवजा देने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और अतिवृष्टि से उत्पन्न स्थिति का भी संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करने और जरूरतमंद परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बारिश और बाढ़ से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक क्षति का तत्काल आकलन कराने तथा प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर अनुमन्य मुआवजा उपलब्ध कराने को कहा है। जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी बारिश और जलभराव को देखते हुए सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments