शिक्षक स्व. धर्मदेव सिंह की तीसरी पुण्यतिथि पर लगा शिविर
आजमगढ़। शिक्षक स्व. धर्मदेव सिंह की तीसरी पुण्यतिथि पर निफा (नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट एंड एक्टिविस्ट) और नीमा (नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन) की ओर से जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में स्व. धर्मदेव सिंह के दोनों पुत्रों समेत 70 लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. धर्मदेव सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। शिविर के को-ऑर्डिनेटर डॉ. डीडी सिंह ने कहा कि उनके पिता की इच्छा थी कि कोई भी मरीज खून के अभाव में दम न तोड़े। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए उनकी पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ रही है, लेकिन अभी भी कई लोग रक्तदान को लेकर भ्रम और भय में हैं। ऐसे लोगों को जागरूक करने की जरूरत है।
निफा अध्यक्ष डॉ. अजीम अहमद ने कहा कि रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। नीमा कोषाध्यक्ष डॉ. मनीष चौबे ने शिविर को सामाजिक सरोकार से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन बताया।
शिविर में चिकित्सकों के साथ विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। डॉ. मुरलीधर सिंह, रवींद्र प्रताप सिंह, संतोष राय, शिवानंद पांडेय, डॉ. प्रेम प्रकाश राय, डॉ. दीपक शर्मा, डॉ. रविंद्र यादव, डॉ. प्रवीण कुमार सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन में ब्लड बैंक के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा।

0 Comments