लखनऊ। योगी सरकार भ्रष्टाचारियों और लापरवाहों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने बड़ा एक्शन लिया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत तय मानकों का पालन नहीं करने वाले 200 से ज्यादा प्राइवेट अस्पतालों को ब्लैक लिस्ट कर दिया है। योगी सरकार ने 100 अस्पतालों का भुगतान रोक दिया है। साथ ही 100 अस्पतालों को निलंबित किया है। सरकार की ओर से ब्लैक लिस्ट किए गए 200 से ज्यादा अस्पतालों में गरीबों के इलाज में धांधली का आरोप है। जिन अस्पतालों पर एक्शन लिया गया है, उन पर आरोप है कि आयुष्मान योजना के तहत निर्धारित प्रक्रिया और गुणवत्ता मानकों को पूरा नहीं किया गया था। आयुष्मान योजना में पंजीकरण के लिए 35 मानकों को पूरा करना अनिवार्य रखा गया है। रिपोर्ट के अनुसार, अब तक 95 फीसदी से अधिक अस्पताल सफलतापूर्वक एचइएम 2.0 पोर्टल पर माइग्रेट हो चुके हैं। बार-बार निर्देश जारी करने के बाद 200 प्राइवेट अस्पतालों ने मानकों को पूरा नहीं किया। वहीं, सूचीबद्ध अस्पतालों को एनएबीएच गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा राज्य और जिला स्तर पर अस्पतालों की नियमित ऑडिट और मानिटरिंग कराई जा रही है।

0 Comments