डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, केबिन में भर गया धुआं...और फिर!



लखनऊ। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए। उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद उनके हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे केबिन के अंदर धुआं भरने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए अमौसी एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई। समय रहते हेलीकॉप्टर को सुरक्षित उतार लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। डिप्टी सीएम पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शनिवार सुबह लखनऊ के ला-मार्टिनियर ग्राउंड से हेलीकॉप्टर के जरिए कौशाम्बी के लिए रवाना हुए थे। उन्हें सुबह करीब 11:30 बजे कौशाम्बी पहुंचना था, जहां पार्टी पदाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित थी। इसके अलावा उनके कार्यक्रम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण भी शामिल था।
बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर ने जैसे ही उड़ान भरी, कुछ ही देर बाद उसमें तकनीकी खराबी आ गई और केबिन के भीतर धुआं फैलने लगा। अचानक उत्पन्न हुई इस स्थिति को देखते हुए पायलट ने बिना समय गंवाए हेलीकॉप्टर को वापस मोड़ते हुए लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई। हेलीकॉप्टर के सुरक्षित उतरते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई। एयरपोर्ट पर मौजूद तकनीकी टीम ने हेलीकॉप्टर की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तकनीकी खराबी के कारण धुआं फैलने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
इस घटना के बाद डिप्टी सीएम को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। अधिकारियों के मुताबिक वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनके कार्यक्रम को लेकर आगे की व्यवस्था की जा रही है। समय रहते पायलट के त्वरित निर्णय और सतर्कता की वजह से एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

Post a Comment

0 Comments