आजमगढ़ में स्टंटबाजी करना युवक को पड़ा भारी...पुलिस ने दो वाहनों को सीज काटा चालान, उड़े होश!



आजमगढ़। जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगाम लगाने के लिए आजमगढ़ यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने एक अवयस्क चालक और एक स्टंटबाजी करने वाले युवक के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की है।
यह कार्रवाई 14 जनवरी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात के नेतृत्व में की गई। पुलिस का उद्देश्य रात्रिकालीन यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना और नियम तोड़ने वालों में कानून का भय पैदा करना है।
जांच के दौरान यह सामने आया कि दोपहिया वाहन एक अवयस्क द्वारा चलाया जा रहा था। इस पर यातायात पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत वाहन को सीज कर सात हजार का चालान काट दिया। पुलिस ने बताया कि नाबालिगों को वाहन चलाने देना गंभीर अपराध है और इससे जानलेवा दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। दूसरे मामले में सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक स्टंट करते हुए युवक की पहचान दुर्गेश निषाद पुत्र राम अनुज निषाद, निवासी ग्राम अभनपट्टी नैनीजोर, थाना रौनापार के रूप में हुई। पुलिस ने सार्वजनिक मार्ग पर स्टंटबाजी के आरोप में वाहन सीज कर दस हजार का चालान काट दिया। 
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की स्टंटबाजी न केवल चालक बल्कि आम जनता के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें। अवयस्क बच्चों को वाहन न सौंपें। स्टंटबाजी और तेज रफ्तार से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments