लखनऊ। प्रदेश में इन दिनों मौसम सुहाना बना हुआ है। दिन में धूप खिलने से हल्की गर्मी महसूस हो रही है, जबकि रातें अब धीरे-धीरे ठंडी होने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा। हालांकि, दीपावली के मौके पर पटाखे जलने से मंगलवार की सुबह हल्की धुंध और प्रदूषण का असर देखने को मिल सकता है।
मॉनसून के पूरी तरह समाप्त होने के बाद प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है। सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध और ओस गिरनी शुरू हो गई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आगामी 10 दिनों में दिन और रात के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंडक में हल्का इजाफा होगा।
प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 30℃ से 35℃ के बीच दर्ज किया गया है। कानपुर में सबसे अधिक 35℃ तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि उरई में 34.2℃, आगरा ताज में 33.4℃, मेरठ में 33.1℃, गाजीपुर में 33℃, प्रयागराज में 33.8℃, बहराइच और गोरखपुर में 33.6℃, कानपुर शहर में 32.7℃ और लखीमपुर खीरी में 32.4℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।
वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो, कानपुर, इटावा और नजीबाबाद में करीब 18℃, मेरठ में 18.9℃, प्रयागराज में 19.9℃ और हरदोई में 19.5℃ दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वाचल के जिलों में धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ेगा।

0 Comments