आजमगढ़। जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में बीती रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मृतक की पत्नी सुधा ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की मां गीता यादव ने बहू सुधा पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि सुधा की पूर्व में राजस्थान में शादी हो चुकी थी और उसका एक बेटा भी है। इसके बावजूद उसने विजय को प्रेमजाल में फंसाकर एक वर्ष पूर्व कोर्ट मैरिज कर ली। गीता यादव ने आरोप लगाया कि सुधा आर्केस्ट्रा में काम करती थी, जिसे लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद के चलते उन्होंने बेटे की हत्या की आशंका जताई। सुधा ने बताया कि उसका मायका भी मृतक के गांव में ही है और शादी से पूर्व ही विजय से उसका संबंध था।
आठ वर्ष पूर्व उसकी शादी राजस्थान के अनिल नामक युवक से हुई थी, जिससे उसका एक पांच वर्षीय बेटा है। पति को जब उसके पूर्व संबंधों की जानकारी हुई तो उनका संबंध विच्छेद हो गया और वह मायके लौट आई। इसके बाद विजय से पुनः संबंध स्थापित हुआ और दोनों ने एक वर्ष पूर्व कोर्ट मैरिज कर ली।
पत्नी सुधा ने बताया कि विजय शराब पीने का आदी था और नशे में अक्सर मारपीट करता था। छठ पूजा के लिए वह अपनी बहन के घर गई थी, जहां से विजय ने उसे बुलाकर फिर मारपीट की। रात में उसने मुझे घर से बाहर कर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन बाद में दरवाजा खोल दिया। इसके बाद उसने मेरे के हाथ-पैर बांध दिए और फांसी लगा ली।
सुधा ने किसी तरह रस्सी खोलकर उसे नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। कोतवाली प्रभारी केदारनाथ मौर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद आत्महत्या प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। विजय यादव तीन भाइयों में बीच का था और ट्रेलर चलाने का काम करता था। पिछले एक सप्ताह से वह घर पर ही था।

0 Comments