अलीगढ़। चार खेमों में बंटी स्थानीय भाजपा की गुटबाजी का ही परिणाम है कि मंडल से लेकर जिला और महानगर अध्यक्षों का चुनाव स्थगित कर दिया गया है। पूरे प्रदेश में संगठनात्मक चुनाव का शोर है, मगर अलीगढ़ में चुनाव प्रक्रिया दो माह के लिए टल गई है। अलीगढ़ संगठन के दोनों जिले (महानगर और जिला) ब्रज प्रांत के उन चार जिलों में शामिल हैं, जहां फिलहाल चुनाव नहीं होंगे। मतलब जो कमेटियां काम कर रही हैं, वही सक्रिय रहेंगी। ब्रज प्रांत के चार जिलों में हाथरस व फिरोजाबाद जनपद भी शामिल हैं, जहां यह प्रक्रिया टाली गई है। प्रदेश भर में पार्टी के संगठनात्मक चुनाव का शोर दिल्ली विधानसभा चुनाव के पहले से मचा हुआ है। इस बीच प्रदेश नेतृत्व ने संगठनात्मक स्तर पर जिला अलीगढ़ व महानगर के मंडल अध्यक्षों के चुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त किए। इन्होंने यहां पहुंचकर नामांकन लेने की प्रक्रिया अपनाई।
अलीगढ़ महानगर के आठ व अलीगढ़ जिले के 27 मंडल हैं, इन सभी में चार खेमों की गुटबाजी चरम पर पहुंच गई। आलम ये हो गया कि मंडल अध्यक्ष तक के छोटे स्तर के चुनाव की जोर आजमाइश प्रदेश स्तर तक पहुंच गई। समन्वय नहीं बना और खींचतान के चलते प्रक्रिया रोक दी गई। अब तय हुआ है कि अलीगढ़ जिला व अलीगढ़ महानगर के साथ-साथ ब्रज प्रांत में शामिल हाथरस व फिरोजाबाद जनपद की चुनाव प्रक्रिया होल्ड कर दी जाए। इन पर विचार या तो प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के बाद होगा या फिर कुछ माह इंतजार के बाद होगा। इस टालमटोल में अब तक ताकत लगा रहे दावेदार परेशान हैं कि कहीं उनके अब तक के प्रयास बेकार न चले जाएं।
संगठन की चुनाव प्रक्रिया के तहत पहले मंडल अध्यक्षों का चुनाव होना था। इसमें मंडल अध्यक्ष और एक प्रभारी बनाया जाता। ये लोग जिला व महानगर अध्यक्ष पद पर नामांकन के लिए प्रस्तावक बनते। ऐसे में जब तक मंडल अध्यक्ष का चुनाव नहीं होगा। तब तक जिला व महानगर अध्यक्ष का चुनाव टल गया है। इस संबंध में जिलाध्यक्ष कृष्णपाल लाल ने कहा कि अलीगढ़ के साथ-साथ ब्रज प्रांत में शामिल हाथरस व फिरोजाबाद में संगठन स्तर के चुनाव को होल्ड किया गया है। इसके पीछे की वजह समन्वय न बनना है। अब चुनाव कुछ माह बाद होगा। पार्टी सूत्रों के बीच चर्चा ये भी है कि 17 से 21 अप्रैल तक संघ प्रमुख मोहन भागवत का प्रवास अलीगढ़ में प्रस्तावित है। इस प्रवास में संघ के प्रमुख पदाधिकारियों संग स्थानीय पदाधिकारियों की चर्चा होगी। इसे लेकर संगठन लगा हुआ है, प्रवास के इंतजाम किए जा रहे हैं। चर्चा है कि उनके प्रवास के बाद अलीगढ़ में संगठन चुनाव पर कुछ होगा।
0 Comments