आजमगढ़। लोकसभा चुनाव के तहत मतदान करने के लिए जिले के नागरिकों में अभूतपूर्व उत्साह दिखाई दिया। मतदान केन्द्रों में युवाओं व आम लोगों की काफी लम्बी कतार लगी। वहीं बुजुर्ग, महिलाएं एवं दिव्यांग मतदाता मतदान करने में पीछे नहीं रहे। लोकतंत्र के चुनावी उत्सव में शामिल होने उत्साहित मतदाता, मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदान के लिए कतार में लगकर मतदान किए। जिला प्रशासन द्वारा मतदाताओं को लंबी कतार में इंतजार नहीं करना पड़े, इसके लिए पुरुष और महिला मतदाताओं के लिए अलग-अलग प्रतीक्षा कक्ष बनाए गए थे। मतदाताओं के सहयोग के लिए मतदाता संगवारी, क्यू मैनेजर के साथ केंद्रों में पंखा, कुर्सी, स्वच्छ पेयजल व छाया के लिए टेंट आदि की व्यवस्थाएं भी की गई थी। मतदान केंद्रों में एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने बुजुर्ग एवं दिव्यांगजनों को मतदाता संगवारी के रूप में सहयोग किया। चुनाव में स्वीप के अंतर्गत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए थे, ताकि बुजुर्ग हो या दिव्यांग सभी लोकतंत्र के इस महापर्व में अपने मताधिकार का जागरूक होकर प्रयोग करें और इसका सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिला। अतरौलिया के बालिका पू. मा. विद्यालय भरौली टोडर मतदान केंद्र में जहां बुजुर्ग मतदाता अरविंद यादव ने पूरे उत्साह से मतदान की। उन्होंने मतदान केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा की गर्मी को देखते हुए छाया एवं प्रतीक्षा कक्ष की व्यवस्था होने से भी मतदान में काफी सुविधा हुई, लंबी लाइन का इंतजार नहीं करना पड़ा यह सुविधा मिलने से अन्य मतदाता भी वोट देने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि सही सरकार का चुनाव करने के लिए मतदान करना जरूरी है। वहीं गोपालपुर के प्रा. विद्यालय हंेगाईपुर के मतदान केंद्र में 90 वर्षीय शिवनाथ ने मतदान किया। उन्होंने सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में सभी मतदाताओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए अन्य मतदाताओं को भी वोट करने की अपील भी की।‘शत प्रतिशत मतदान, आजमगढ़ जिले का अभिमान के संकल्प को पूर्ण करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा मतदान केंद्रों में विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके तहत दिव्यांगजनों एवं 80 साल से अधिक के वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क वाहन दिव्यांग रथ की व्यवस्था की गई थी। इसका अच्छा प्रतिसाद भरौली, हेंगाईपुर, अजमतगढ़, भदुली, पचरूखवां, लालगंज में भी देखने को मिला। अजमतगढ़ में दिव्यांग मतदाता सुशीला देवी और सरस्वती देवी ने निःशुल्क दिव्यांग रथ के माध्यम से मतदान केन्द्र में जाकर मतदान किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगता के कारण घर से बाहर आना-जाना मुश्किल था, ऐसे में मतदान के लिए निःशुल्क वाहन की सुविधा मिली। इससे वे काफी खुश है। नवीन मतदाताओं में भी वोट करने में गजब का उत्साह दिखा। नवीन मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने मताधिकार का प्रयोग कर जिम्मेदारी निभाई और उत्साह के साथ अपने अनुभव भी साझा किए। प्राथमिक विद्यालय गोलवारा मतदान केन्द्र में वोट करने पहुंची साधना यादव ने कहा कि उन्होंने पहली बार मतदान किया है। मतदान यह पहला अनुभव बहुत अच्छा रहा। मतदान केंद्रों में छाया पेयजल की व्यवस्था के साथ-साथ सहयोग के लिए क्यू मैनेजर भी थे जिससे कतार में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई और मतदान बहुत अच्छे से हो गया। इसी प्रकार करही के मतदान केंद्र में मतदान करने पहुंचे प्रतीक कुजूर ने बताया कि उसने पहली बार अपने मत का प्रयोग किया। उन्होंने कहा की लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी का अवसर मिलने से काफी उत्साहित हैं। इसी प्रकार प्राथमिक विद्यालय टीकरगढ़ मतदान केन्द्र पहुंचे विकास राजभर ने कहा कि सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा मतदान केन्द्रों में मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। मतदाता प्रियंका जायसवाल ने कहा कि उन्होंने अपने मत का प्रयोग कर सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान दिया। उन्होंने सभी मतदाताओं को भी अपने का प्रयोग कर जिम्मेदारी निभाने की बात कही। जिला प्रशासन द्वारा घर आजा संगी अभियान के तहत पलायन किए मतदाताओं को वापस बुलाकर मतदान करने के लिए प्रेरित करने की एक अनूठी पहल की गई थी। इसके तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा वीडियो काल कर मतदान के लिए प्रेरित किया गया था। इसका सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिला। पलायन से वापस आकर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्राथमिक विद्यालय मेंहनगर मतदान केन्द्र पर मतदान करने आए मुकेश सिंह ने बताया कि वह मजदूरी के लिए बाहर गया था। जिला प्रशासन द्वारा उन्हे मतदान में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए वीडियो काल किया गया था। इससे वह प्रेरित होकर मतदान करने के लिए पहुंचे हैं। जिले से पलायन किए लोगों को वीडियो काल किया गया था, इसमें से अधिकतर लोगों ने वापस अपने घर आकर मतदान किया और लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। लोकसभा निर्वाचन 2024 में जिले के कई मतदान केंद्रों को आकर्षक स्वरूप दिया गया था। इसमें राजकीय बालिका इंटर कालेज अतरौलिया, प्राथमिक विद्यालय महराजगंज, प्राथमिक विद्यालय जीयनपुर, अग्रसेन डिग्री महाविद्यालय, जनता इंटर कालेज, छितौनीखास, कप्तानगंज, मुबारकपुर डीएवी डिग्री कालेज शामिल है। जहां प्रदेश की कला एवं संस्कृति को प्रदर्शित किया गया। मतदाताओं के लिए सेल्फी बूथ, प्रतीक्षा कक्ष, स्वास्थ्य सुविधा, सुविधा केंद्र, स्वच्छ पेयजल, छाया सहित तमाम व्यवस्थाएं की गई थी इसके साथ ही घर आजा संगी रंगोली और पृथक सेल्फी बूथ बनाया गया है। इसी प्रकार प्राथमिक विद्यालय कोहडी खुर्द के आदर्श मतदान केंद्र को भी मतदाता जागरूकता स्लोगन, एवं रंग बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया था। इसके साथ-साथ केंद्र में छाया, पेयजल, कूलर आदि की व्यवस्थाएं भी की गई थी।

0 Comments