आजमगढ। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के उदियावां गांव में एक दामाद ने अपने साथियों के साथ मिलकर ससुर की गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उदियावां गांव निवासी उदयराज राजभर (55) बीती रात में अपने नाती के साथ सो रहे थे। रात लगभग 11.30 बजे उनका दामाद महेंद्र राजभर भुईली की तरफ से आया। उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर पहले उनका मुंह दबाया फिर गला रेत दिया। बगल में सो रहे नाती पर जब खून के छींटे पड़े तो उसकी नींद खुल गई और वह शोर मचाते हुए घर के अंदर भागा। उसने कहा कि मौसा ने नाना को मार दिया। तभी हत्यारे भुईली गांव की तरफ भाग लिए। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और रात में ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुबह उदयराज के भाई धर्मराज ने दामाद महेंद्र ग्राम कोहडे़ थाना पवई के खिलाफ तहरीर बरदह थाना में दिया। अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस छानबीन में लगी है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक नगर शैलेन्द्र लाल ने बताया कि बीती रात करीब 11.30 बजे उदियावां गांव में महेन्द्र राजभर व रंगीला ने उदयराज की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। मृतक उदयराज का महेन्द्र राजभर दामाद है। उसकी पत्नी का संबंध अच्छा नहीं चल रहा है। उदयराज ने ही दोनों के संबंध को तोड़ने के लिए पंचायत की थी। और मंदिर में जाकर पैसे के लेन-देन भी तय हो गया था। इस बात से क्षुब्ध महेन्द्र राजभर ने उदयराज की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 302, 34 आईपीसी धारा में मुकदमा कायम किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। जल्द ही गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
0 Comments