आजमगढ़। लोकसभा चुनाव में मतदान करने को लेकर आधी आबादी में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने घर के सारे काम काज छोड़ देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया। शहर हो या देहात सभी जगह महिलाओं में मतदान करने को लेकर उत्साह देखा गया। पोलिंग बूथों पर महिलाओं की लंबी-लंबी कतारें लगीं नजर आईं। महिलाएं घूंघट की ओट में वोट करने को दहलीज लांघ कर घर से मतदान करने को बाहर निकलीं। लोकसभा चुनाव के छठवें चरण में शनिवार को आजमगढ़ व लालगंज लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। सुबह सात बजते ही लोगों ने बूथों की ओर कूच करना शुरू कर दिया। मतदान को लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह था। महिलाओं ने भी लोकसभा चुनाव में अपनी भागीदारी जिम्मेदारी से निभाई। लालगंज के कई मतदान केदो पर सुबह से ही महिलाओं की लंबी कतारें लग गई। इस केंद्र पर बने बूथों पर महिलाओं की अच्छी भीड़ रही। इसी तरह शिब्ली पीजी कालेज के मतदान केंद्र पर भी महिलाओं की लंबी कतारें देखी गई। शहर में सुबह से ही महिलाएं जत्थों में बूथों पर पहुंचीं और अपने मत का प्रयोग किया। महिलाओं के साथ ही फर्स्ट वोटर बनीं युवतियों में भी खासा उत्साह नजर आया। महिलाओं ने मत का प्रयोग कर अपनी मित्रों और परिजनों के साथ सेल्फी खिंचाई तो वहीं युवतियों ने भी अपने मत का प्रयोग कर सेल्फी खींचकर सोशल मीडिया पर अपलोड की। पहली बार लोकसभा चुनाव में पिंक बूथ और मॉडल बूथों का निर्माण कराया गया था। ये बूथ लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे।

0 Comments