पूर्व मंत्री का पौत्र ने जिस युवती पर चढ़ा दी थी कार...वो आई सामने... सीएम योगी से लगाई ये गुहार!


लखनऊ। आगरा के ऋषि मार्ग (शाहगंज) पर युवती को कार से कुचलने की कोशिश के आरोपी पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह के पौत्र दिव्यांश चौधरी की गिरफ्तारी करने में पुलिस नाकाम हो रही है। दबिश का दावा किया जा रहा है। मगर, पीड़ित परिवार पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट है। परिजन दहशत में हैं। वह लगातार कार्रवाई की गुहार लगा रहे हैं।

दरअसल, 15 अप्रैल की रात को घटना हुई थी। जूता कारोबारी और उनकी बेटी को घर के बाहर कार से कुचलने की कोशिश की गई थी। आरोप पूर्व मंत्री के पौत्र दिव्यांश पर है। वह कार से आया था। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। परिजन ने कार्रवाई के लिए हंगामा किया था। इस पर जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। वह घर से फरार हो गया है। गैर जमानती वारंट के लिए पुलिस कोर्ट भी गई। मगर, कुछ नहीं हुआ। इससे पीड़ित परिवार में आक्रोश है। उनका कहना है कि पूर्व मंत्री का पौत्र होने की वजह से पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। सिर्फ दिखावा किया जा रहा है।

डीसीपी सिटी सूरज राय का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है। उस पर इनाम घोषित किया जाएगा। गैर जमानती वारंट के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया जा रहा है। पीड़ित युवती ने एक्स पर अपना वीडियो पोस्ट किया है। यह 2 मिनट 15 सेकंड का है। वीडियो में युवती पूरी घटना बता रही है। पूर्व मंत्री पर भी आरोप लगाए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाते हुए कह रही हैं कि आरोपी के साथ पूर्व मंत्री और उनके बड़े बेटे के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। अगर, ऐसा नहीं हुआ तो पार्टी का विरोध करेगी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी डाला है।

Post a Comment

0 Comments