अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ने विपक्ष पर साधा निशाना!
आजमगढ़। सिर्फ मुसलमानों को कोई टिकट देकर कोई उनका हितैषी नहीं हो सकता है। आज अगर कोई उनका भला चाहने वाला है तो वह सिर्फ मोदी और योगी है। जिन्होंने बिना भेदभाव के मुस्लिम समाज के विकास के लिए काम किया है। वर्तमान में भाजपा से चार मुस्लिम समाज के लोग एमएलसी है जबकि सपा से सिर्फ दो मुस्लिम एमएलसी है। मोदी सरकार ने मुसलमानों को कभी वोट बैंक के चश्मे से नहीं देखा है। लेकिन कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने वोट लिया और उनके विकास के लिए कुछ नहीं किया। उक्त विचार बुधवार की देररात मुबारकपुर अल्जामिअतुल अशरफिया स्थित रॉयल फैमिली ढाबा पर एक प्रेस वार्ता में योगी सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद ने व्यक्त किया।
उन्होंने कहाकि भाजपा सरकार के सबका विकास सबका साथ की नीति से तमाम विपक्षी दलों के नेता घबराए हुए है। अब मुसलमान भी जागरूक हो गया है वह अपने हक के लिए सवाल पूछने लगा है। कांग्रेस और सपा ने मुस्लिमों के लिए क्या किया तो उनके के पास कोई जवाब नहीं है। लेकिन मोदी और योगी सरकार ने साबित किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोज़गार, उद्योग, सुरक्षा, व्यापार जैसे तमाम मुद्दों पर मुसलमानों के साथ खड़ी है। आज मुसलमान भी मानता है कि अगर उनका कोई सबसे बड़ा कोई हितैषी है तो मोदी और योगी हैं। आगामी चुनाव में मुसलमान भाजपा के साथ हैं। अभी हाल ही में हुए निकाय चुनाव में मुस्लिम समाज ने बड़ी संख्या में भाजपा को मतदान किया है। जो एक सकारात्मक बदलाव की शुरुआत है।
उन्होंने कहा कि मुसलमानों को केवल टिकट देकर कोई उनका हितैषी नहीं बन सकता है। प्रदेश में भाजपा के चार मुस्लिम समाज से एमएलसी हैं सपा में केवल दो मुस्लिम एमएलसी हैं। भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा में एक मुसलमान को भेजने का काम किया है। मुस्लिम समाज के विकास के लिए भाजपा पूरी ईमानदारी से काम कर रही है। जिससे इंडिया गठबंधन पूरी तरह से धराशाही है। एक-एक करके गठबंधन के दल एक दूसरे का साथ छोड़ते जा रहे है। बिहार, पंजाब और पश्चिम बंगाल सहित पूरे देश से साफ संदेश आ रहा है। वैसे ही इस गठबंधन पर जनता को पहले ही भरोसा नहीं था। अब दलों को भी आपस में विश्वास का संकट उत्पन्न हो गया है। इस अवसर पर इस्माईल फारूकी ज़िलाअध्यक्ष अल्पसंख्यक, फरहान खान, सलमान खान, सतीश दुबे, सलमान शाह, असगर शेख, फ़िरोज़ अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
0 Comments