भरभराकर गिरा निर्माणधीन अस्पताल का लिंटर...14 मजदूर हुए घायल!



सहारनपुर। सहारनपुर में बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सतपुरा के निकट एक अस्पताल में लिंटर डालते समय अचानक पूरा शटरिंग नीचे गिर गया। शटरिंग गिरते ही भगदड़ मच गई। इस दौरान वहां काम कर रहे करीब 14 मजदूर घायल हो गए। जिनमें गंभीर रूप से घायल हुए छह मजदूरों को उपचार के लिए भगवानपुर के आरोग्यम अस्पताल भेजा गया। अन्य मजदूर निजी चिकित्सक से उपचार लेने के बाद अपने घर लौट गए। हादसा शनिवार दोपहर बाद गांव सतपुरा के निकट निर्माणाधीन अस्पताल में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अस्पताल में कुछ कमरों पर शटरिंग लगाकर लिंटर डालने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक पूरा शटरिंग मलवे सहित नीचे गिर गया। जिसके गिरते ही वहां काम कर रहे करीब 14 मजदूर चपेट आने के कारण घायल हो गए। हादसा होते ही मजदूरों में चीख-पुकार व भगदड़ मच गई। उधर, शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने वाहनों से घायलों को उपचार के लिए कस्बा बिहारीगढ़ व सतपुरा में निजी चिकित्सकों के यहां ले गए। करीब छह मजदूरों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भगवानपुर के आरोग्यम अस्पताल भिजवाया गया। जिनके नाम शमी हसीन निवासी नौजली, मंसूर, सलमान, नदीम निवासीगण कमेसपुर थाना फतेहपुर व ज्ञान निवासी सतपुरा बताया है। बताया गया कि अन्य घायल मिंटू, मोहित, सोनू व बंटी को मामूली चोट आई है। ये सभी निजी चिकित्सकों के यहां उपचार कराकर अपने घरों को चले गए। घटना की सूचना के बाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची थी।

Post a Comment

0 Comments