अधिवक्ता ने कार्यालय में घुसकर सब रजिस्ट्रार को जमकर पीटा...कर्मियों ने काम किया ठप!


संभल। चंदौसी तहसील परिसर के सब रजिस्ट्रार कार्यालय में घुसकर एक अधिवक्ता ने सब रजिस्ट्रार राजवीर सिंह को जमकर पीट दिया। इससे मौके पर हंगामा हो गया। गुस्साए रजिस्ट्री कार्यालय में कर्मचारियों ने काम ठप कर दिया। एसडीएम ने दोनों पक्षों को बुलाया मगर सब रजिस्ट्रार बीच में से उठकर बाहर आ गए। महानिरीक्षक निबंधक संभल भी मौके पर पहुंच गए। मारपीट, सरकारी में बाधा, रिकॉर्ड खुर्दबुर्द के आरोप में तहरीर देने की बात कही है। रजिस्ट्री कार्यालय में सब रजिस्ट्रार राजवीर सिंह की करीब एक माह पहले ही तैनाती हुई है। शनिवार को सुबह निर्धारित समय पर ऑफिस पहुंचे थे।

आरोप है कि करीब साढ़े दस बजे एक अधिवक्ता अन्य साथी के साथ आए। आते ही हाथ में लिए बाइपर के डंडे से मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने डंडे से अधिकारी को खूब मारा। अचानक हुई मारपीट से वहां हड़कंप मच गया। इस दौरान अन्य अधिकारी व अधिवक्ता पीछे से आ गए और सब रजिस्ट्रार को बमुश्किल बचाया। इसके बाद आरोपी अधिवक्ता वहां से चले गए। यह पूरी घटना सब रजिस्ट्रार कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना से कार्यालय में हंगामें की स्थिति बनी रही। मारपीट की घटना से रजिस्ट्रार कार्यालय में मौजूद कर्मचारी लामबंद हो गए है और काम बंद कर दिया।

घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। जानकारी होने पर एसडीएम चंदौसी ने दोनों पक्षों को अपने कक्ष में बुला लिया। इस दौरान सब रजिस्ट्रार बीच में से उठकर गए। महानिरीक्षक निबंधक मुकेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी डीएम व एसपी को भी दी है। महानिरीक्षक निबंधक मुकेश कुमार का कहना है कि सब रजिस्ट्रार के साथ अधिवक्ता ने मारपीट की है। सरकारी काम में बाधा डाली है, रिकॉर्ड भी खुर्दबुर्द किया है। इस मामले में आरोपी अधिवक्ता के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी जाएगी और आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments