किशोर का अपहरण कर उतारा मौत के घाट, मांगी थी एक लाख रुपये की फिरौती...


देवरिया। जिले में एक हैरान करने वाला सामने आया है। यहां एकौना थाना क्षेत्र के बकरूआ गांव के रहने वाले एक किशोर का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। घटना को मृतक के फूफा और फूफेरे भाई ने अंजाम दिया। किशोर एक फरवरी से गायब चल रहा था। अपहरणकर्ताओं ने अपहरण करने के बाद परिजनों से मोबाइल पर मैसेज भेज कर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस अपहरण का मुकदमा दर्ज कर तलाश में जुटी थी कि शनिवार की सुबह करीब चार बजे उसका शव नगवा गांव के समीप झाड़ी में मिला।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी फूफा और उसके बेटे ने घटना कबूल किया। गांव के राममूरत यादव राजगीर मिस्त्री का कार्य करते है। उनका बेटा रोशन (14) एक फरवरी को एक फोन आने पर घर से निकला। शाम को वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन करने के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया। उन्होंने गायब होने की सूचना पुलिस को दी। तीन फरवरी को रोशन के पिता राममूरत की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। इस दौरान राममूरत के मोबाइल पर एक नंबर से फिरौती मांगने का संदेश आया। परिजनों के शक के आधार पर पुलिस ने रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया।

पुलिस के अनुसार, गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के सीधेगौर निवासी सौदागर यादव और उनक बेटे धर्मेंद्र यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की । आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मोबाइल देने के बहाने रोशन को गांव के बाहर बुलाया। जिसके बाद हत्या कर शव को नगवा गांव के निकट झाड़ी में छिपा दिया। मृतक रोशन और फूफेरा भाई धर्मेंद्र अक्सर साथ ही रहते थे। मृतक के पिता ने दो शादी की है। रोशन के मां की पहले ही मौत हो चुकी है। एसपी संकल्प शर्मा ने कहा कि अपहरण कर किशोर की हत्या करने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस छानबीन कर रही है।

Post a Comment

0 Comments