बहराइच। शहर के गल्ला व्यापारी के यहां हथियारों से लैस बदमाशों ने गल्ला व्यापारी और उसके कर्मी की कनपटी पर बंदूक लगाकर रंगदारी मांगी। छत से आए पुत्र को भी बंधक बना लिया। इसके बाद सभी फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी मिलते ही एएसपी नगर के साथ तीन थानों की पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खुलासे के लिए तीन टीम गठित की गई हैं।
कोतवाली देहात के शिव नगर मोहल्ला में गोंडा रोड पर गल्ला व्यापारी आलोक कुमार बथवाल की दुकान है। रविवार रात को व्यापारी नानपारा निवासी अपने कर्मी अमित के साथ बैठा था तभी हथियारों से लैस पांच बदमाश पहुंच गए। सभी ने व्यापारी और उसके कर्मी को बंधक बना लिया। दोनों को दुकान में ही बंद कर दिया। इसके बाद रंगदारी मांगने लगे।
व्यापारी ने अवकाश का दिन होने और सन्नाटा होने की बात कही। इस पर सभी बंदूक लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान गल्ला व्यापारी का पुत्र आ गया। उसे भी सभी ने बंधक बनाकर रंगदारी मांगी। इसके बाद सभी चले गए। बदमाशों की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना की जानकारी व्यापारी ने पुलिस को दी।

0 Comments