गोरखपुर। जिले के हरपुर बुदहट क्षेत्र देवरिया-रामनगर मार्ग पर शनिवार रात नौ बजे दो भाइयों के बीच हुए विवाद में बड़े भाई को गोली लग गई। इस दौरान दोनों भाई पास के नहर में गिर गए। रास्ते से गुजर रही पीआरवी की टीम ने बाइक देखकर गाड़ी रोकी तो छोटा भाई बड़े भाई के साथ नहर में गिरा मिला। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को निकलवाया। इस दौरान बड़े भाई की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि, छोटे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक संतकबीरनगर के महुली थाना क्षेत्र के बड़डवा गांव का रहने वाला था।
मिली जानकारी के मुताबिक, बड़डवा गांव निवासी ब्रह्मानंद राय के बेटे सर्वेश राय (32) और विवेक राय (30) शनिवार रात मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों भाई नशे में थे। अभी वह देवरिया-रामनगर मार्ग पर पहुंचे थे कि दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बड़ गया कि दोनों मारपीट करने लगे। इस दौरान सर्वेश राय ने विवेक राय पर पिस्टल तान दी। विवेक पिस्टल छीनने की कोशिश करने लगा। छीना झपटी के दौरान गोली चल गई और सर्वेश राय के दाहिने बांह में लग गई। गोली लगने के बाद दोनों भाई नशे में होने की वजह से नहर में गिर गए। रास्ते से गुजर रही पीआरवी टीम ने दो बाइक देखकर गाड़ी रोकी और नहर के पानी में छोटे भाई को कराहता पाया।
सूचना पर पहुंची हरपुर बुदहट पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला। एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि विवेक से पूछताछ की जा रही है। दुर्घटना की वजह से मौत का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सर्वेश को गोली लगने की जांच जब शुरू की गई, तो पता चला कि पिस्टल नहर में ही गिर गई है। इस दौरान पुलिस ने रविवार सुबह नहर के पानी में स्थानीय लोगों की मदद से तलाशी के दौरान अवैध पिस्टल बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, सर्वेश की मौत के बाद परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस इस घटना को संदिग्ध मानकर जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि सर्वेश का एक बेटा है। पुलिस के मुताबिक जिस पिस्टल से गोली चली वह अवैध थी।

0 Comments