मतदान से पहले सपाइयों का एसपी आवास पर धरना, पुलिस ने भांजी लाठियां



रामपुर। पुलिस पर सपाइयों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए सपा के प्रत्याशी आसिम राजा ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ रविवार शाम एसपी आवास के सामने धरना शुरू कर दिया. अफसरों के समझाने पर भी सपाई धरने पर डटे रहे और सेना की देखरेख में चुनाव कराने की मांग करते रहे. रात में कुछ महिलाओं ने धरना स्थल पर पहुंचकर आजम खां की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी. महिलाएं भी सपाइयों के सामने धरने पर बैठ गईं. एसपी आवास के बाहर आमने-सामने दो धरनों और विरोधाभासी नारों से माहौल गर्माता देख पुलिस ने महिलाओं को समझाकर हटाया तो सपाइयों को लाठियां मारते हुए खदेड़ दिया. मौके पर मौजूद सपा प्रत्याशी आसिम राजा को पुलिस जीप में बैठाकर ले गई.

उपचुनाव में सोमवार को मतदान की तैयारियों के बीच सपा प्रत्याशी आसिम राजा रविवार शाम करीब छह बजे कुछ कार्यकर्ताओं के साथ अचानक एसपी आवास पर पहुंच गए. एसपी के गेट के बाहर धरने पर बैठकर पुलिस पर वर्ग विशेष के लोगों को तंग करने, भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान के लिए दबाव बनाने समेत कई आरोप लगाए. सेना की देखरेख में चुनाव कराने की मांग की. रात में एसपी अशोक कुमार शुक्ला गेट से बाहर आए लेकिन उनके समझाने पर भी सपाई धरना स्थल से नहीं हटे. एसपी के जाने के कुछ देर बाद एएसपी डॉ. संसार सिंह वहां पहुंचे लेकिन सपाइयों को समझाकर हटाने में कामयाब नहीं हुए.

रात करीब नौ बजे अचानक कुछ महिलाएं भी एसपी आवास पर पहुंच गईं. धरना दे रहे सपाइयों के सामने धरने पर बैठकर उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी. सपाइयों को धरने से हटाने, आजम खां को मतदान पूरा होने तक हिरासत में रखने, महिलाओं के अपमान में आजम खां को जेल भेजने जैसी मांगें करने लगीं. रात करीब 10 बजे मौके पर फोर्स पहुंची और एक टीम ने महिलाओं को समझाना शुरू किया तो दूसरी टीम लाठियां उठाकर सपाइयों को दौड़ाने लगी. भागने के दौरान कई सपाइयों को लाठियां लगीं.

इसी बीच पुलिस सपा प्रत्याशी आसिम राजा को जीप में बैठाकर ले गई. हिरासत में लिए आसिम राजा को कहां रखा गया है, यह पुलिस ने स्पष्ट नहीं किया है. इस सबके चलते एसपी आवास के सामने का माहौल करीब चार घंटे बदला रहा. इस संबंध में एसपी रामपुर अशोक कुमार शुक्ला का कहना है कि धरने पर बैठे सपाइयों को समझाकर हटा दिया गया है. पुलिस ने लाठीचार्ज नहीं किया है. सपा प्रत्याशी आसिम राजा जाने को तैयार नहीं थे. उनको हिरासत में नहीं लिया गया है. पुलिस ने उनको सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है. सपाइयों के जो आरोप हैं वो गलत है. पुलिस निष्पक्षता से चुनाव कराएगी.

एकाएक एसपी आवास के बाहर धरना शुरू करने वाले सपाइयों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए. प्रत्याशी आसिम राजा ने कहा कि वर्ग विशेष का पुलिस द्वारा उत्पीड़न और सपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाए जाने पर रविवार दोपहर एसपी अशोक कुमार शुक्ला को मिलकर ज्ञापन सौंपा था. एसपी ने आश्वासन दिया था कि पुलिस किसी को तंग नहीं करेगी. कहा कि कुछ देर बाद पुलिस ने हमारे उन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर अलग-अलग थानों में बैठा दिया, जिन्हें सोमवार के मतदान में बूथ पर लगाया गया था. उन्होंने सीओ सिटी और गंज, कोतवाली, सिविल लाइंस के थाना प्रभारियों को तत्काल हटाने तथा सेना की देखरेख में चुनाव कराने की मांग की.

Post a Comment

0 Comments