सांसद निरहुआ ने झंडा वितरित कर जगाया देशभक्ति का जज्बा
संदीप उपाध्याय
आजमगढ़। स्वतंत्रता दिवस के 75 वर्ष अमृत महोत्सव के तहत रविवार को शहर के मातबरगंज स्थित संस्कार शापिंग माल पर हर घर तिरंगा समारोह आयोजित कर आमजन को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा का वितरण किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने सर्वप्रथम एक नन्हे बालक को ध्वज प्रदान कर कार्यक्रम को गति प्रदान किया। इसके पश्चात सांसद ने करीब एक दर्जन लोगों को झंडा प्रदान कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।
सांसद श्री निरहुआ ने प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता कर संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान के प्रोपराइटर आशुतोष रूंगटा ने लोगों में देश सेवा का जज्बा पैदा किया है। इस तरह की कार्यक्रम की जितनी भी सराहना किया जाए कम है। उन्होंने जनपद के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि इस जनपद में अपेक्षा के अनुरूप विकास कार्य नहीं हुए जिसका परिणाम है कि यह जनपद विकास की गति से अछुता था। उनके निर्वाचन के बाद यहां प्रदेश सरकार के मुखिया आदित्यनाथ जी ने 143 करोड़ की परियोजना का एक साथ शुभारंभ कर यह संदेश दे दिया कि आने वाले समय में इस जनपद में अनेकों विकास कार्य होंगे।
उन्होंने नगर की सड़कों की बदहाल स्थिति पर कहा कि बरसात के बाद इन सड़कों की तस्वीर बदलेंगे। अब तक यहां के लोगों को अपेक्षित रखा गया था। सांसद श्री यादव ने जनपद के लोगों को आश्वस्थ किया कि वह विकास के माध्यम से उनके सपनों के शहर को साकार करेंगे। इसके पूर्व संस्थान के प्रोपराइटर आशुतोष रूंगटा ने सांसद निरहुआ व भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री धनश्याम पटेल को अंगवस्त्रम् भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान सुधीर अग्रवाल, डा. श्याम नारायन सिंह, डा. भक्सवत्सल, विवेक अग्रवाल, परितोष रूंगटा, शिरिश रूंगटा, सुधीर सिंह पपलू, अखिलेश मिश्रा गुड्डू, अभिनाश चौहान, डा. कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, अरविंद जायसवाल आदि उपस्थित रहे।

0 Comments