युवती की हत्या कर चचेरे भाई संग कोतवाली पहुंचा युवक, जांच में जुटी पुलिस


बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र से सुबह-सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। मामला बहेरी का बताया जा रहा है, जहां एक युवती की तलवार से युवक ने हत्या कर दी। इस दौरान बदरू निशा (56) पत्नी कुर्बान शाह और कुर्बान शाह (60) पुत्र को भी तलवार से वार कर जख्मी किया गया है। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, घटना को अंजाम देने के बाद सनकी युवक अपने चचेरे भाई के साथ कोतवाली पहुंचा और घटना की जानकारी दी।

बताया जा रहा है कि बहेरी निवासी सोनू उर्फ़ दिलशाद किसी बात को लेकर युवती अरमाना से खार खाये हुए था। शनिवार की रात करीब दो बजे मौका मिलते ही अरमाना की तलवार से हत्या कर सनकी युवक अपने चचेरे भाई शल्लू के साथ खुद कोतवाली पहुंचा और हत्या कर आने की बात कही।

यह सुनते ही कोतवाली में हड़कंप मच गया। उच्चाधिकारियों को सूचना देने के साथ ही शहर कोतवाल घटना स्थल, फिर जिला अस्पताल पहुंच गये। अपर पुलिस अधीक्षक डीपी त्रिपाठी व सीओ सिटी प्रीति त्रिपाठी भी जिला अस्पताल पहुंच गये। सूत्रों की माने तो पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चार-पांच दिन पहले युवती ने उसे थप्पड़ मारने के साथ ही मुकदमा में फंसाने की धमकी दी थी। इससे नाराज था। पूछताछ जारी है।

Post a Comment

0 Comments