पूर्व सैनिक के घर चोरों का हमला, विरोध पर मारी गोली


सुल्तानपुर।
जिले के जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के कोईलहां गांव में में बीती रात चोरों ने पूर्व सैनिक के घर धावा बोल दिया। इस दौरान चोरों ने पूर्व सैनिक को गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

कोईलहां गांव निवासी पूर्व सैनिक विजय सिंह के घर चोरों ने आधी रात में धावा बोल दिया। आहट मिलने पर भी गृहस्वामी की नींद टूट गई। उन्होंने गुहार लगाते हुए चोरों को पकड़ने की कोशिश की इस पर चोरों ने उनको गोली मार दी जिससे खून से लथपथ होकर वह जमीन पर गिर पड़े। इस बीच चोरों ने मौका पाकर फरार हो गए। परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जयसिंहपुर कोतवाल अजय द्विवेदी ने घटनास्थल पर छानबीन की है।

वहीं घायल को देखने के लिए पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से पूर्व सैनिक विजय सिंह की स्थिति के बारे में जानकारी ली। साथ ही कोतवाल को शीघ्र घटना के पास का निर्देश दिया। इससे पहले चोरों ने सूरापुर निवासी संत प्रसाद जायसवाल के घर में हाथ साफ किया था यहां से लाखों का माल चोर बटोर ले गए थे। जयसिंहपुर क्षेत्र में इन दिनों लगातार चोरियां हो रही है। पुलिस किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर पा रही है। पुलिस की कार्रवाई मुकदमा दर्ज करने तक ही सीमित रह गई। लगातार हो रही घटनाओं से पुलिस की रात्रि गश्त पर ही सवालिया निशान लग रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments