लखनऊ। राजधानी में डालीगंज के कुतुबपुर क्षेत्र में रविवार देर रात बिजली चोरी पकड़ने पर हंगामा हुआ। नाराज लोगों ने जूनियर इंजीनियर और एसडीओ की पिटाई कर दी। वहीं बिजली कर्मचारियों को लाठी डंडे लेकर दौड़ा लिया। बवाल बढ़ने पर किसी तरह एसडीओ जान बचाकर हसनगंज थाने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी।
दरअसल, लेसा ने रविवार रात करीब 11बजे डालीगंज में चेकिंग अभियान चलाया। एसडीओ संतोष कुशवाहा और जूनियर इंजीनियर अशोक वर्मा के नेतृत्व में टीम कुतुबपुर पहुंची इस दौरान क्षेत्र में धड़ल्ले से बिजली चोरी हो रही थी एसडीओ के निर्देश पर सभी अवैध कनेक्शन काट दिए गए। बिजली कटते ही लोग घरों से बाहर निकल आए और हंगामा करने लगे।
उग्र भीड़ ने बिजली कर्मचारियों पर कनेक्शन जोड़ने का दबाव बनाया, लेकिन एसडीओ जेई के मना करने पर लोग भड़क गए। इस दौरान कुछ लोगों ने लाठी डंडा लेकर बिजली कर्मचारियों को दौड़ा लिया और जेई और एसडीओ के साथ मारपीट की। किसी तरह एसडीओ जान बचाकर हसनगंज थाने पहुंचे। वहीं स्थानीय लोगों ने बिजली कर्मचारियों पर अवैध वसूली का आरोप लगाया। अधिशासी अभियंता आरके मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।

0 Comments