आजमगढ़। जिले में भाष्कर की तपिश से इस सप्ताह राहत मिल सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 17-18 जून को आजमगढ़ में मानसून के दस्तक देने की संभावना है। उधर, शहरवासी सोमवार को भी उमस भरी गर्मी से बेहाल रहे। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, मौसम का मिजाज इस सप्ताह से बदल सकता है। अरब सागर से उठा मानसून महाराष्ट्र तक पहुंच गया है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बना मानसून का सिस्टम असम होता हुआ बंगाल के सिल्लीगुड़ी तक पहुंच चुका है। दो से तीन दिन में इसके बिहार तक पहुंच जाने की संभावना है। 15 जून तक बिहार के अधिकांश स्थानों पर मानसून दस्तक दे देगा।
इसके दो-तीन दिन बाद (17-18 जून तक) आजमगढ़ में मानसून की बारिश हो सकती है। 18 जून तक आधे उत्तर प्रदेश को कवर कर लेगा। लखनऊ में भी 17 और 18 जून को बारिश के आसार बन रहे हैं। 19 जून को प्रदेश में अच्छी बारिश के संकेत हैं । 20 को हालांकि इसकी रफ्तार धीमी हो सकती है। यदि इस दिन से आगे तक बारिश होती है और मौसम में बदलाव की गति कायम रहती है तो बहुत संभव है कि इसे मानसूनी बारिश मान लिया जाए। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार लगातार तीन दिन तक कम से कम 2.5 मिलीमीटर बारिश होती है। तभी इसे मानसून की बारिश माना जाता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अभी दो दिन कम से कम तापमान 43 डिग्री के आसपास रहेगा। यानी तीखी धूप, गर्म हवा के थपेड़े झेलने के लिए तैयार रहें। हालांकि ,इसके बाद बादल की वजह से तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। सोमवार सुबह की शुरुआत भी भीषण गर्मी के साथ हुई। तीखी धूप में खड़े होना दहकती भट्ठी के आगे खड़े होने जैसा एहसास दे रहा था। गर्म हवाएं राह चलना मुश्किल कर रही थीं। मंगलवार और बुधवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं।

0 Comments