50 लाख लो, मुंह बंद रखो वर्ना जान से मार दूंगा-अवैध निर्माण का विरोध करने पर पार्षद व उसके पति को मिली धमकी


लखनऊ। राजधानी के अमीनाबाद स्थित घंटाघर पार्क की जमीन पर अवैध निर्माण का विरोध कर रही पार्षद सुनीता सिंघल और उनके पति विनोद कृष्ण सिंघल को 50 लाख रुपये लेकर मुंह बंद करने और विरोध पर भू-माफिया ने जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पार्षद सुनीता सिंघल के पति विनोद कृष्ण सिंघल ने स्थानीय थाने में आरोपी अशोक पाठक व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर रही है।

पीड़ित विनोद कृष्ण सिंघल के मुताबिक, अमीनाबाद के घंटाघर पार्क की जमीन पर कब्जा कर अवैध मार्केट का निर्माण भू-माफिया अशोक पाठक व उसके साथियों द्वारा करवाया जा रहा था। विनोद कृष्ण सिंघल व उनकी पत्नी पार्षद सुनीता सिंघल इसका विरोध कर रहे थे। बृहस्पतिवार को एलडीए की ओर से अवैध निर्माण ध्वस्त करने का आदेश दिया गया था। उसके दूसरे दिन शुक्रवार शाम अशोक पाठक अपने साथियों के साथ विनोद के घर पहुंच गए।

विनोद ने बताया कि वह घर पर नहीं थे। इसके चलते वहीं से फोन मिलाया और कहा कि 50 लाख रुपये लेकर आया हूं। इसको ले लो और अपना मुंह बंद कर लो, नहीं तो दोनों को जान से मार दूंगा। इस पर विनोद ने मामले की जानकारी अमीनाबाद पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक अमीनाबाद बृजेश द्विवेदी के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में इस बात की पुष्टि हो गई है कि अशोक पाठक व उसके साथी, विनोद कृष्ण के घर पर गए थे। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है, कार्रवाई की जाएगी। 

Post a Comment

0 Comments