वाराणसी। पूरे पूर्वांचल में पिछले एक सप्ताह से तीखी धूप और गर्म हवाओं के कारण गर्मी बढ़ती जा रही है। बीते दिन भी सुबह से लेकर शाम तक गर्म हवाएं चलतीं रहीं। शुक्रवार सुबह से उमस के बीच तेज धूप निकली है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार अगले सप्ताह से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। धूल भरी आंधी के साथ ही हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना है। गुरुवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान भी 29 से बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
सुबह हल्के बादल दिखे तो लगा कि दिन में कुछ इसी तरह का मौसम रहेगा, लेकिन अन्य दिनों की तुलना में धूप बहुत तेज हो गई। दोपहर में तो ऐसा लग रहा था जैसे आसमान से आग बरस रही हो। भीषण गर्मी में गर्म मौसम की मार इन दिनों जोरों पर है। भीषण गर्मी और उमस के बीच दिन में चलने वाली हवा भी मानो आंच और तपिश के साथ चल रही हो। कैंट रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टेशन से लेकर गोदौलिया, नई सड़क, रथयात्रा में लोग धूप से बचते नजर आए।
सबसे अधिक परेशानी दो पहिया वालों को हुई। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय के अनुसार 22 मई तक तीखी धूप और गर्मी का असर ऐसे ही देखने को मिलेगा। मानसून धीरे-धीरे बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है। इस वजह से यहां एक पश्चिमी विक्षोभ बनने की भी संभावना है। इस वजह से अगले सप्ताह से धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी के भी आसार हैं।

0 Comments