आजमगढ़ः हाईस्कूल की परीक्षा में धराए दो मुन्नाभाई-दूसरे की जगह दे रहे थे परीक्षा



आजमगढ़। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा नकल विहीन कराने के लिए सख्त कदम उठाया जाने के बावजूद व्यवस्था को धता बताकर हाईस्कूल की परीक्षा में दूसरे के नाम पर परीक्षा देते दो मुन्ना भाई पकड़े गए। केंद्र व्यवस्थापकों ने स्थानीय थाने में जिन दोनों छात्रों और उनके स्थान पर परीक्षा देने वाले चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। बिलरियागंज थाना क्षेत्र में स्थित कमला देवी इंटर कॉलेज व जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के लाटघाट क्षेत्र में सोमवार को हाईस्कूल की प्रथम पाली में विज्ञान की परीक्षा चल रही थी।

बिलरियागंज थाने में युवक के खिलाफ तहरीर दी

जिला विद्यालय निरीक्षक डा. पीके उपाध्याय ने बताया कि कमला देवी इंटर कॉलेज में एक युवक दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने के लिए बैठा था। केंद्र व्यवस्थापक को शक हुआ तो उसने युवक का प्रवेश पत्र चेक कर दिया। गहन जांच करने पर परीक्षा दे रहे छात्र फर्जी पाया गया। यह जानकारी होते ही केंद्र व्यवस्थापक ने बिलरियागंज थाने में युवक के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के लाटघाट के पास एक विद्यालय में एक युवक दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने के लिए गया था। जांच के दौरान केंद्र व्यवस्थापक ने उसे पकड़ लिया।

चेतावनी देकर युवक को छोड़ दिया

हालांकि इस मामले में केंद्र व्यवस्थापक ने कोई तहरीर नहीं दी है। युवक को चेतावनी देकर छोड़ दिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. पीके उपाध्याय ने कहा कि कमला देवी इंटर कॉलेज बिलरियागंज में एक छात्र की जगह दूसरा छात्र परीक्षा देते हुए पकड़ा गया है। केंद्र व्यवस्थापक की ओर से मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी गई है। केंद्र व्यवस्थापक से रिपोर्ट लेकर बोर्ड को भेजी जाएगी। जिले में परीक्षा पूरी तरह नकल विहीन कराई जा रही है। अब सभी सेंटरों पर सख्ती बढ़ाई जा रही है।

Post a Comment

0 Comments