शव दफनाने को लेकर दो पक्षों में संघर्ष, बीजेपी नेता दुष्यंत रोहटा गिरफ्तार



मेरठ। जनपद के कंकरखेड़ा में विवादित जमीन पर शव दफनाने को लेकर गुरुवार देर शाम दो पक्षों में संघर्ष हो गया। भाजपा नेताओं और हिंदू संगठन के सदस्यों पर हमला किया गया। मारपीट में तीन भाजपा नेता घायल हो गए। पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ा। भाजपाइयों और हिंदू संगठन के सदस्यों के साथ पुलिस की झड़प हुई। दुष्यंत रोहटा को गिरफ्तार कर लिया गया।

जमीन का हवाला देकर शव दफनाने से रोका

जानकारी के अनुसार, हाईवे स्थित कैलाशी अस्पताल से 100 मीटर आगे दिल्ली की ओर कब्रिस्तान है। गुरुवार को नंगलाताशी निवासी खेरूनिशा पत्नी यूसुफ का इंतकाल हो गया। परिजन शव को कब्रिस्तान में दफनाने पहुंचे। परिजन शव दफनाने की तैयारी कर रहे थे कि इस बीच दूसरे पक्ष के डॉ. सागर तोमर मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने शव दफनाने से रोक दिया और बताया कि यह जमीन एमडीए के रिकॉर्ड में उनके नाम पर दर्ज है। यह प्लॉट एमडीए से अक्टूबर में खरीदा है। मृतक पक्ष के लोगों का कहना था कि यह जमीन 1973 से कब्रिस्तान के नाम पर रजिस्टर्ड है। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।

हमले में कई भाजपा नेता घायल

एक पक्ष ने फोन कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया और शुक्रवार को एमडीए टीम को बुलाने की बात कही। भाजपा नेता दुष्यंत रोहटा, हिंदू युवा वाहिनी के महानगर अध्यक्ष सचिन सिरोही व तीन अन्य लोग इस विवाद की जानकारी पर मौके पर पहुंचे। भाजपाई डॉ सागर तोमर पक्ष से बातचीत करने लगे। आरोप है कि दूसरे पक्ष से कुछ युवक डंडे लेकर आए और भाजपाइयों पर हमला कर दिया। हमले में कई भाजपा नेता घायल हो गए। पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर-बितर किया।

पुलिस से भिड़े भाजपाई, दुष्यंत रोहटा गिरफ्तार

मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा और पुलिस टीम के साथ भाजपाइयों की भिड़ंत हो गई। दुष्यंत रोहटा, सचिन सिरोही और लोगों ने पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। पुलिस से कहासुनी भी हुई। बाद में विवाद बढ़ा तो पुलिस ने दुष्यंत रोहटा को गिरफ्तार कर लिया।

वीडियो फुटेज के आधार पर होगी कार्रवाईः एसपी

सूचना मिलते ही एसपी सिटी विनीत भटनागर भी मौके पर दौड़े। भारी पुलिस फोर्स बुला लिया गया। आसपास के थानों से फोर्स पहुंच गया। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने कहा, जमीन को लेकर दोनों पक्ष में विवाद हुआ। पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों को सूचना दी गई है। कुछ लोगों ने बेवजह हंगामा किया, जिस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया है। बाकी कार्रवाई वीडियो फुटेज के आधार पर की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments