मेरठ में तेंदुआ घुसने से दहशत, वन विभाग के जाल से भाग निकला



मेरठ। शुक्रवार की सुबह से तेंदए की दहशत ने लोगों को हलकान कर दिया है। पल्लवपुरम फेस-2 के एक घर में तेंदुआ घुसने की सूचना से पूरी कालोनी में हड़कंप मच गया। लोगों ने आनन-फानन में वन विभाग और पुलिस को सूचना दी। तेंदुआ की घेराबंदी की गई। उसे पकड़ने के लिए मकान के बाहर जाल लगाया गया, तेंदुआ जाल में फंसा भी लेकिन करीब 10 मिनट तक उसमें उलझे रहने के बाद भाग निकला। इसके बाद कालोनी के पास एक प्लॉट में जाकर छिप गया।

शुक्रवार सुबह घनी आबादी वाले पल्लवपुरम फेस-2 में एक घर के पास आठ फीट ऊंची दीवार को फांदते हुए तेंदुआ देखा गया। उसके बाद घर के लोग बाहर आ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस, प्रशासन और वन विभाग को सूचना दी। तेंदुए की सूचना से खलबली मच गई। लोगों का कहना है कि तेंदुआ आठ फुट ऊंची दीवार फांद कर मकान में जा घुसा। घर के लोग दहशत में आ गए। इस सूचना के बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई है। पुलिस की टीम भी मौके पर है। डीएफओ राजेश कुमार ने बताया कि पल्लवपुरम फेस-2 में तेंदुआ होने की सूचना मिली है। सूचना के बाद वन विभाग की टीमों को तेंदुआ रेस्क्यू कराने के लिए रवाना किया गया है। वह खुद भी मौके के लिए निकल रहे हैं। उनका कहना है कि मौके पर पहुंचने के बाद ही स्पष्ट तौर पर जानकारी दी जा सकेगी। वैसे तेंदुआ होने की सूचना है।

Post a Comment

0 Comments