आजमगढ़ में नौ बजे से आने लगेंगे रुझान, एक बजे तक आ सकता परिणाम

सबसे पहले फूलपुर-पवई और आखिर में मेंहनगर-लालगंज के आएंगे परिणाम


आजमगढ़। चुनावी गहमागहमी के बाद अब निर्णायक घड़ी आ गई है। आजमगढ़ में गुरूवार को एफसीआई गोदाम बेलइसा में पांच विधान सभा अतरौलिया, गोपालपुर, सगड़ी, मुबारकपुर व आजमगढ़ तथा चकवल में निजामाबाद, फूलपुर पवई, दीदारगंज, लालगंज व मेंहनगर विधान सभा की सुबह आठ बजे से ईवीएम की गिनती शुरू हो जाएगी। जिले की दस विधानसभा सीटों के लिए 114 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। विधानसभावार गणना कराई जाएगी। हर विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग टेबलों पर मतगणना कराई जाएगी।

रुझान सुबह नौ बजे से आने लगेंगे और परिणाम दोपहर एक बजे से आने की उम्मीद की जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए गए है। हर विधान सभा के लिए 14 टेबल लगाए गए है। कुल 311 चक्र में 4292 ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू होगी। जिले में सबसे पहले फूलपुर-पवई का परिणाम आने की उम्मीद हैं। इस विधानसभा क्षेत्र के कुल 378 ईवीएम की गिनती 27 चक्र में समाप्त की जाएगी। निजामबाद के 385 ईवीएम की गिनती 28 चक्र में होगी। सगड़ी के 415 ईवीएम की 30 चक्र, मुबारकपुर के 414 ईवीएम की 30 चक्र, गोपालपुर के 423 ईवीएम की गिनती 31 चक्र, अतरौलिया के 453 ईवीएम और आजमगढ़ सदर के 455 ईवीएम की गिनती 33-33 चक्र में होगी। सबसे आखिरी में मेंहनगर व लालगंज सुरक्षित विधानसभा का परिणाम आएगा। यहां 34 चक्र में मतगणना समाप्त होगी। मजिस्ट्रेट और पैरामिलिट्री फोर्स की मौजूदगी में मतों की गिनती होगी। अधिकारियों ने बताया कि सबसे पहले पोस्टल बैलेट और सर्विस वोटरों की गिनती होगी।

Post a Comment

0 Comments