आजमगढ़। जिले में 18 वीं विधान सभा के अंतिम चरण चुनाव में सोमवार को सुबह से छिटपुट घटनाओं के बीच मतदान शुरू हुआ। लेकिन शाम सवा पांच बजे सदर विधानसभा क्षेत्र के पल्हनी स्थित एक बूथ पर समाजवादी पार्टी और भाजपा समर्थकों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बीच दोनों ओर ईंट- पत्थर चलना शुरू हो गया। जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। पथराव में कई वाहनों के शीशे टूट गए। सूचना के बाद भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच कर लाठियां भांजते हुए लोगों को खदेड़ा। एसपी अनुराग ने बताया कि सदर विधान सभा के दो प्रत्याशी एक बूथ पर आमने-सामने आए गए तो उनके समर्थकों में मार पीट हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के पास कुछ विडियों इसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, प्राथमिक विद्यालय पल्हनी बूथ पर पल्हनी गांव, बेलइसा व सरफुद्दीनपुर क्षेत्र का पोलिंग बूथ बनाया गया था। शाम में भाजपा प्रत्याशी अखिलेश मिश्रा यहां पहुंचे और कुछ देर तक बूथ पर बैठ गए। इसी सूचना पर सपा प्रत्याशी दुर्गा प्रसाद यादव पक्ष के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। भाजपा प्रत्याशी के बूथ पर बैठने को लेकर लोगों में कहासुनी होने लगी। इस बीच एक पक्ष ने पथराव कर दिया। जिससे दूसरे पक्ष के लोगों के वाहन के शीशे टूट गए। इसके बाद दूसरे पक्ष ने भी पथराव शुरू कर दिया। कहासुनी व ईंट-पथराव के बीच बात बढ़ती गई। घंटे भर मौके पर अफरातफरी की स्थिति रही। घटना की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। आनन-फानन भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने जिसे मौके पर पाया उसे लाठियां भांजते हुए खदेड़ना शुरू कर दिया।
0 Comments