घर के आंगन में मिला नवविवाहिता का शव, गले और हाथ पर चोट के निशान



आगरा। शमसाबाद क्षेत्र के जारौली गांव में घर के आंगन में संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता का शव पड़ा मिला। मृतका के गले और हाथ पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतका के मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

6 महीने पहले हुई थी शादी

जानकारी के मुताबिक थाना शमसाबाद क्षेत्र के जारौली गांव में अमर सिंह के पुत्र करतार सिंह की शादी 6 माह पहले रजनी से हुई थी। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराली उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। गुरुवार देर रात थाना शमसाबाद पुलिस को जारौली गांव में महिला की मौत की खबर मिली। पुलिस को संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव घर के आंगन में पड़ा मिला था।

मृतका के गले और हाथ पर चोट के निशान

पुलिस के मुताबिक मृतका के गले और हाथ पर चोट के निशान बताए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मामले में तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष शमसाबाद राजीव कुमार सिंह ने बताया कि नवविवाहिता की मौत के बाद ससुराली फरार हैं। परिजनों की तहरीर पर मृतका के पति करतार सिंह पुत्र अमर सिंह, जेठ भोलाराम पुत्र अमर सिंह, जेठानी ऊषा देवी पत्नी भोलाराम और चाचा ससुर वासुदेव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

0 Comments