लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने देर रात 45 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इसके मुताबिक आजमगढ़ जिले से एक मात्र फूलपुर विधायक अरूणकांत यादव का टिकट काट कर राजसूरत राजभर को प्रत्याशी बनाया है जबकि बसपा से भाजपा में शामिल हुई सगड़ी विधायक वंदना सिंह को प्रत्याशी बना है। मोहम्मदाबाद गोहना सुरक्षित सीट से श्रीराम सोनकर को पुनः टिकट दिया गया है। घोसी से विजय राज भर को, मधुबन से रामविलास चौहान को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं योगी सरकार की मंत्री स्वाति सिंह के पति दयाशंकर सिंह को बलिया से टिकट दिया गया है। लम्भुआ से सीताराम वर्मा, अमेठी से संजय सिंह, इलाहाबाद उत्तर से हर्ष बाजपेयी, इसौली से ओमप्रकाश पाण्डेय बजरंगी, सुल्तानपुर से विनोद सिंह, रानीगंज से धीरज ओझा, शिवपुर से अनिल राजभर, बाराबंकी से रामकुमारी मौर्य पर भाजपा ने दांव लगाया है।
वहीं अमेठी राज परिवार में दो रानियों के बीच जंग में भाजपा ने बीच का रास्ता निकालते हुए राजा पर अपना भरोसा जताया है। रविवार देर रात यूपी की 45 उम्मीदवारों की नई सूची में पार्टी ने अमेठी से संजय सिंह को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने लखनऊ की सरोजनी नगर सीट से टिकट पाने में नाकाम रहीं मंत्री स्वाति सिंह के पति दया शंकर सिंह को प्रत्याशी बनाया है। नई सूची में सात महिलाओं को भी प्रत्याशी बनाया गया है।
दरअसल अमेठी से टिकट को लेकर राज परिवार की पटरानी अमिता सिंह और रानी गरिमा सिंह के बीच जंग छिड़ी हुई थी। बीते चुनाव में भाजपा ने अमिता सिंह के खिलाफ गरिमा सिंह को उम्मीदवार बना कर जीत हासिल की थी। हालांकि लोकसभा चुनाव के बाद संजय सिंह अपनी दूसरी पत्नी अमिता सिंह के साथ भाजपा में शामिल हो गए। इसके बाद से संजय और अमिता ने अमेठी सीट के लिए दावेदारी शुरू कर दी। भाजपा सूत्रों के मुताबिक संजय अमिता को इस सीट पर टिकट दिलाना चाहते थे। इस खींचतान में पार्टी ने इस सीट से संजय सिंह को उम्मीदवार बना दिया। दोनों रानियां भूपति भवन में ही रहती हैं, लेकिन संजय सिंह की अमिता के साथ दूसरी शादी के बाद से पहली पत्नी गरिमा सिंह से तकरार चल रही है।
मंत्री स्वाति सिंह के पति को बलिया से टिकट
इस सूची में दूसरा चौंकाने वाला नाम योगी सरकार की मंत्री स्वाति सिंह के पति दयाशंकर सिंह का है। लखनऊ की सरोजनीनगर सीट के लिए पति-पत्नी के बीच जंग छिड़ी थी। हालांकि एक फरवरी को जारी सूची में पार्टी ने इस सीट पर प्रवर्तन निदेशालय के निदेशक रहे राज राजेश्वर सिंह को उम्मीदवार बना दिया। रविवार को जारी सूची में दयाशंकर को बलिया से टिकट दिया गया है।
नई सूची में भाजपा ने सात महिला उम्मीदवारों पर भरोसा जताया है। पार्टी ने ऊर्जा राज्य मंत्री रमाशंकर पटेल को मड़िहान, अनुराग सिंह को चुनार, शिवपुर से अनिल राजभर, इसौली से ओमप्रकाश पाण्डेय बजरंगी, सुल्तानपुर से विनोद सिंह, लम्भुआ से सीताराम वर्मा, रानीगंज से धीरज ओझा, इलाहाबाद उत्तर से हर्ष बाजपेयी, बाराबंकी से रामकुमारी मौर्य को भी टिकट दिया है। गौरतलब है कि 403 सीटों वाली उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए भाजपा अब तक 355 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है।
0 Comments