आगरा में भाजयुमो जिलाध्यक्ष पर हमला, जांच में जुटी पुलिस


आगरा। जिले के शाहगंज के सत्तो लाला वाली गली में गुरुवार की रात करीब दस बजे दबंग ने भाजयुमो जिलाध्यक्ष शैलू पंडित पर हमला बोल दिया। भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी होने पर भाजपा कार्यकर्ता शाहगंज थाने पर जुट गए। सीओ लोहामंडी अर्चना सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। देर रात तक थाने पर भाजयुमो कार्यकर्ता जमे रहे।

भाजयुमो के जिलाध्यक्ष शैलू पंडित ने पुलिस को बताया कि वह पार्टी के कार्यकर्ताओं गोविंद कुशवाह्र, जीतू प्रजापति और गोगा मौर्य के साथ सत्तो लाला वाली गली में चाट खा रहे थे। इसी दौरान वहां पर कोलियाई निवासी शाहिद बेग अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। उन्हें देखते ही कहने लगा कि वह यहां कैसे आ गए। तीन महीने पहले हुए कोलियाई प्रकरण के बाद से शाहिद पक्ष उनसे रंजिश मानने लगा है। वह उनसे गाली-गलौज करने लगा। इस बीच शाहिद ने अपने साथियों से तमंचा निकालकर लाने की कहा। शाहिद और उसके साथियों के इरादे भांपते वह जान बचाने के लिए कार छोड़कर वहां से भाग निकले। शाहिद ने साथी कार्यकर्ता गोगा मौर्य को पकड़ लिया। उसके साथ जमकर मारपीट की। कार्यकर्ता किसी तरह से वहां से अपनी जान बचाकर भागे। जिससे आक्रोशित शाहिद ने उनकी कार में तोड़फोड़ कर दी।

Post a Comment

0 Comments