लखनऊ। पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह के भारतीय जनता पार्टी में जाने के बाद कांग्रेस को प्रदेश में एक और बड़ा झटका लगने जा रहा है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और अभिनेता राज बब्बर एक बार फिर समाजवादी पार्टी में शामिल होने की अटकलें हैं। सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही वह सपा में घर वापसी करेंगे। सपा के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने सोशल मीडिया पर इशारा करते हुए लिखा कि कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व समाजवादी नेता, अभिनेता जल्दी ही समाजवादी होंगे।
1994 में पहली बार सपा ने भेजा था राज्यसभा
उल्लेखनीय है कि राज बब्बर ने राजनीतिक करियर की शुरुआत जनता दल से की थी। 5 साल तक जनता दल के साथ रहने के बाद वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। 1994 में सपा ने उन्हें राज्यसभा भेजा तो 2004 में सपा के टिकट पर ही जीतकर पहली बार लोकसभा पहुंचे। 2006 में उन्होंने सपा से नाता तोड़ लिया और करीब दो साल बाद 2008 में कांग्रेस का दामन थाम लिया था। 2009 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर फिरोजबाद सीट से अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को हराया था। 2014 में कांग्रेस ने उन्हें गाजियाबाद सीट से जनरल वीके सिंह के खिलाफ उतारा, लेकिन राज बब्बर को हार का सामना करना पड़ा। 2016 में उन्हें यूपी कांग्रेस की कमान दी गई थी। राज बब्बर यूपी के टुंडला के रहने वाले हैं। उन्होंने बॉलीवुड की सैंकड़ों फिल्मों में काम किया, जिनमें कई सुपरहिट हुईं है।
0 Comments