मुरादाबाद। स्थानीय देहात क्षेत्र के भोजपुर में युवक की मौत पर हंगामा हो गया। परिवार के लोग पुलिस कस्टडी में युवक की मौत होने का आरोप लगा रहे हैं, उनका कहना है कि पिटाई के कारण मौत हुई है। घटना से गुस्साए लोगों ने कांठ रोड पर शव रखकर जाम लगा हंगामा करना शुरू कर दिया। जिससे रोड पर वाहनों की कतार लग गई। सूचना पाकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों से बातचीत की। पहले वे सड़क से हटने को तैयार नहीं थे लेकिन बाद में समझाने के बाद जाम खुल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, भोजपुर थाना क्षेत्र सेहल गांव निवासी भूपेंद्र पांडे कांठ रोड निवासी विवेकानंद अस्पताल में नर्सिंग सुपरवाइजर के पद पर तैनात था। आरोप है कि शुक्रवार को भूपेंद्र का घर में पत्नी साधना से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की गाड़ी गांव में सुबह 10 बजे पहुंच गई। इसके बाद भूपेंद्र को गाड़ी में बिठाकर थाने ले जा रही थी। इस दौरान रास्ते में ही भूपेंद्र की मौत हो गई। स्वजन ने आरोप लगाया कि 112 में तैनात पुलिस कर्मियों ने पिटाई की। इसके चलते भूपेंद्र की मौत हो गई। स्वजन ने कांठ रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर एसपी देहात और सीओ ठाकुरद्वारा अनूप कुमार सिंह पहुंच गए। सीओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही। स्वजन से बातचीत के बाद कांठ रोड से शव हटवाकर जाम खुलवा दिया गया। मृतक का चचेरा भाई विजय शर्मा गांव का प्रधान है। पुलिस अफसरों ने बताया कि युवक ने गाड़ी में बैठने से पहले एक इंजेक्शन लगा लिया था। डायल 112 में बैठने के दौरान ही उसकी हालत खराब हो गई थी। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने विवेकानंद अस्पताल में छोड़ दिया था। मामले की जांच की जा रही है।
0 Comments