बक्सर। जिले का एक युवक 12 साल पहले अचानक लापता हो गया। काफी दिनों तक उसकी कोई खबर नहीं मिली तो पत्नी ने दूसरी शादी कर ली। घर के लोगों ने काफी दिन गुजर जाने के बाद उसे मृत मानकर अंतिम संस्कार कर दिया। इस बीच स्थानीय थाने की पुलिस एक तस्वीर लेकर युवक के घर पहुंची। तस्वीर को देखते ही युवक की मां अपने बेटे को पहचान गई। मामला बक्सर जिले के चौसा प्रखंड के खिलाफतपुर गांव का है। यह गांव गंगा और कर्मनाशा के किनारे उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से लगती सीमा पर है।
12 साल पहले चौसा प्रखंड के खिलाफतपुर गांव से गायब एक युवक के पाकिस्तान की जेल में बंद होने की जानकारी प्राप्त हुई है, स्वजनों में हर्ष का माहौल है। युवक का नाम छवि मुसहर है। विदेश मंत्रालय से प्राप्त इस जानकारी तथा निर्देश के बाद एसपी नीरज कुमार सिंह ने पुलिस पदाधिकारियों को खिलाफतपुर भेज कर रिपोर्ट तैयार कराई। इसे विदेश मंत्रालय भेजा गया है। लंबे समय तक युवक के गायब रहने के पश्चात परिजनों ने उसे मृत मान कर उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया था।
युवक के बड़े भाई रवि मुसहर ने बताया कि उनके गांव की अनुसूचित बस्ती में रह रहे लोग मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करते हैं। उनका भाई छवि भी यही काम करता था। 12 वर्ष पूर्व वह बस्ती से अचानक लापता हो गया था। हालांकि, मानसिक तौर पर कुछ अस्वस्थ होने के कारण इसके पूर्व भी वह कई बार घर से भागा था, लेकिन बाद में लौटकर चला आता था। वह लंबे समय तक लौट कर नहीं आया तो उसकी पत्नी अनिता ने दूसरी शादी कर ली। एसपी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि खिलाफतपुर के युवक के पाकिस्तान जेल में बंद होने की सूचना मिली है। विदेश मंत्रालय से जो रिपोर्ट मांगी गई थी वह तैयार करके भेजी जा चुकी है।
0 Comments