दिनदहाड़े घर में घुसा युवक, चीख सुनकर दौड़े लालचंद को धक्का देकर भागा; 20 दिन से संदिग्ध युवक के घूमने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप!



आजमगढ़। घर के भीतर बच्चे को दूध पिला रही विवाहिता को शायद ही अंदाजा रहा होगा कि अगले ही पल उसके सामने जिंदगी का सबसे भयावह मंजर आने वाला है। रविवार की सुबह पवई थाना क्षेत्र के खेमीपुर गांव में एक युवक अचानक घर में घुस आया और विवाहिता शिवांगी मौर्य पर हंसिया से हमला कर दिया। माथे पर चोट लगने के बाद शिवांगी की चीख निकल गई। उसकी आवाज सुनकर घर के बाहर मंडई में सो रहे चचेरे ससुर लालचंद मौर्य (50) बहू को बचाने के लिए दौड़े। सामने हमलावर को देखकर उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन युवक उन्हें धक्का देकर भाग निकला। जमीन पर गिरने से गंभीर रूप से घायल लालचंद की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम के साथ दहशत का माहौल है।
बच्चे को दूध पिलाते समय घर में घुसा युवक
मृतक के भाई फूलचंद की बहू शिवांगी मौर्य ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11 बजे वह घर में अपने बच्चे को दूध पिला रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक अचानक घर में घुस आया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती, युवक ने हंसिया से उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके माथे पर चोट लगी। अचानक हुए हमले से घबराई शिवांगी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर घर के बाहर सो रहे चचेरे ससुर लालचंद मौर्य दौड़कर मौके पर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, लालचंद ने युवक को देखकर उसे घर के अंदर रोकने के लिए बाहर से दरवाजे की कुंडी लगा दी। लेकिन दरवाजे के ठीक बगल में बिना दरवाजे का जंगला होने के कारण युवक ने उसमें से हाथ डालकर कुंडी खोल ली।
बहू को बचाने की कोशिश में गई जान
कुंडी खोलने के बाद युवक बाहर निकला और लालचंद को धक्का दे दिया। अचानक धक्का लगने से वह जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर मौके से भाग निकला। परिजन आनन-फानन लालचंद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्चे को दूध पिलाने और परिवार की सामान्य दिनचर्या का माहौल था, वहीं अचानक चीख-पुकार मच गई। बहू को बचाने के लिए आगे आए लालचंद की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलने पर पवई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हमलावर की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है।
20 दिन से गांव में घूमने का आरोप
घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव में पिछले करीब 20 दिनों से एक संदिग्ध युवक के घूमने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के अनुसार, युवक अक्सर काले कपड़े और काले जूते पहनता है तथा चेहरे को काले गमछे से ढके रहता है। उनका दावा है कि बिजली कटने के दौरान वह गांव में आता-जाता है और कई बार घरों में घुसता देखा गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि संदिग्ध युवक महिलाओं पर भी हमला कर चुका है। कभी उसे पेड़ पर चढ़ते तो कभी किसी के घर में घुसते देखा गया। दो दिन पहले भी उसके पूर्णमासी के घर में घुसने का दावा किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, उसने घर में रखा बॉक्स खोलकर सामान इधर-उधर कर दिया था। लोगों के पहुंचने पर वह भाग निकला। हालांकि, ग्रामीणों ने पहले की इन घटनाओं की सूचना पुलिस को नहीं दी थी।
तहरीर मिलने का इंतजार
थानाध्यक्ष पवई मनीष पाल ने बताया कि लालचंद मौर्य के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी घटना के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी चिंता है कि यदि संदिग्ध युवक के बारे में पहले पुलिस को सूचना दी गई होती तो शायद रविवार की घटना को टाला जा सकता था। फिलहाल पुलिस के सामने हमलावर की पहचान करने और ग्रामीणों द्वारा बताए जा रहे संदिग्ध युवक के बारे में जानकारी जुटाने की चुनौती है।